ईरान 2026 फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा: जंग के बीच ईरान के खेल मंत्री बोले- प्लेयर्स की सेफ्टी जरुरी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खेलों पर भी दिखने लगा है। ईरान के खेल मंत्री अहमद दुन्यामाली ने ऐलान किया है कि उनका देश 2026 का फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में टीम को अमेरिका भेजना सुरक्षित नहीं है।
2026 में खेलना पक्का नहीं
ईरान ने घोषणा कर दी है कि वह 2026 के फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगा। दुन्यामाली ने एक इंटरव्यू में कहा- अमेरिका ने ईरान के नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की है, इसलिए ऐसे हालात में वर्ल्ड कप में भाग लेना संभव नहीं है।
खेल मंत्री ने अमेरिका को भ्रष्ट शासन बताते हुए कहा कि जब तक हालात ऐसे रहेंगे, ईरान की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकती। उनका कहना है कि अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई की वजह से पिछले कई महीनों में ईरान को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि देश में जंग जैसे हालात बने हुए हैं और हजारों लोग मारे गए। ऐसे माहौल में खिलाड़ियों और देश के बच्चों की सुरक्षा भी चिंता का विषय है, इसलिए सरकार ने फैसला किया है कि वर्ल्ड कप में भाग लेना ठीक नहीं होगा।

11 जून से फीफा शुरू होगा
2026 का फीफा वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट 11 जून 2026 से शुरू होगा और 19 जुलाई को फाइनल खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप में 104 मैच होंगे।

ईरान के मैच अमेरिका में होने थे
ईरान की टीम के ग्रुप स्टेज के सभी मैच अमेरिका के शहरों में होने थे, जिनमें लॉस एंजिल्स और सिएटल जैसे शहर शामिल हैं। यही वजह है कि ईरान सरकार को खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। वहीं, फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा था कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया था कि ईरान की टीम वर्ल्ड कप में खेलने के लिए अमेरिका में वेलकम होगा।
इसके अलावा ईरान फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष मेहदी ताज ने भी कहा -हाल ही में हुए हमलों के बाद ईरान के लिए वर्ल्ड कप के बारे में सोचना भी मुश्किल है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हालात इतने खराब हों तो कोई भी देश अपनी टीम को ऐसे माहौल में क्यों भेजेगा।
ईरान के इस फैसले से अब 2026 फीफा वर्ल्ड कप पर भी असर पड़ सकता है और आगे इस मामले में इंटरनेशनल फुटबॉल कमेंटी की रिएक्शन का इंतजार किया जा रहा है।


