18 साल में सिर्फ 2 संयोग: वॉर्नर 3 तो विराट 2 बार ऑरेंज कैप जीते, लेकिन टीम ट्रॉफी नहीं जीती; यहां डीटेल्स
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हमेशा ही चैम्पियन टीम के बाद ऑरेंज कैप विनर यानी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर की बात होती है। इस मामले में डेविड वॉर्नर सबसे आगे रहे, जिन्होंने 3 बार यह कैप जीती है।
उनके बाद विराट कोहली और क्रिस गेल ने 2-2 बार कैप अपने नाम की। बाकी हर बार कोई ना कोई नया ऑरेंज कैप विनर रहा है। मगर यहां एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी सामने आया है।
दो बार ऑरेंज कैप और ट्रॉफी एक ही टीम ने जीती
वो यह है कि IPL में ऑरेंज कैप जीतना ट्रॉफी जीतने की गारंटी कभी नहीं रही है। यानी यह जरूरी नहीं है कि जिस टीम ने ट्रॉफी जीती है, उसी के प्लेयर ने उस सीजन में ऑरेंज कैप भी जीती हो। IPL के 18 सीजन हो चुके हैं। यह 2026 वाला 19वां सीजन खेला जा रहा है।
पिछले 18 सीजन में सिर्फ 2 ही बार ऐसा हुआ है, जब जिस बैटर ने ऑरेंज कैप जीती है, उस सीजन में उसकी ही टीम चैम्पियन भी बनी है। सबसे पहले यह 2014 में हुआ था। इसके बाद 7 साल बाद यानी 2021 में दूसरी बार ऐसा हुआ था। आइए जानते हैं दोनों बार का रिकॉर्ड…
- 2014 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने खिताब जीता था। फाइनल में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) को 3 विकेट से हराया था। उस सीजन में KKR के ओपनर रॉबिन उथप्पा ने सबसे ज्यादा 660 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी।
- 2021 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने ट्रॉफी जीती थी। तब फाइनल में KKR को 27 रन से हराया था। इस सीजन में CSK टीम के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने सबसे ज्यादा 635 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी।


