BCCI करेगा IPL Impact Player Rule का रिव्यू: सीजन के बाद फैसला संभव; ऐसा हुआ तो बदलेगा गेम पैटर्न, यहां डीटेल्स
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इम्पैक्ट प्लेयर नियम की समीक्षा करने जा रहा है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा कि पिछले 2 साल से इस नियम पर चर्चा चल रही है। अब सीजन खत्म होने के बाद इसे फिर से देखा जाएगा।
क्या है इम्पैक्ट प्लेयर रूल
इम्पैक्ट प्लेयर नियम 2023 में लागू किया गया था। इस नियम के तहत हर टीम मैच के दौरान एक प्लेयर को बदल सकती है। यानी जरूरत के हिसाब से टीम बैटर या बॉलर को अंदर ला सकती है।

इसका डिसएडवांटेज भी जान लीजिए
कई बार इस रूल की आलोचना भी हुई। कहा गया इससे टीम को जरूरत से ज्यादा फायदा मिल रहा है। अब टीमें 8 बैटर के साथ उतरती हैं। बाद में बॉलर को सब्स्टीट्यूट कर देती हैं। इसकी वजह से बड़े स्कोर लगातार देखने को मिल रहे हैं। 250 से ज्यादा रन बनना अब आम हो गया है। कई बार 240 से ऊपर का स्कोर भी आसानी से चेज हो रहा है।

IPL 2026 के बाद बोर्ड फैसला
इतना ही नहीं इसकी वजह से ऑलराउंडर्स का रोल कम हो गया है। टीम अब अलग से बैटर और बॉलर का इस्तेमाल कर सकती है। इसलिए ऑलराउंडर की जरूरत कम महसूस हो रही है। कुछ एक्सपर्ट का मानना है कि यह रूल आगे चलकर टीम इंडिया को नुकसान पहुंचा सकता। इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कोई नियम नहीं है।
हालांकि BCCI का कहना है कि अभी तक किसी टीम ने ऑफिशियल तौर पर इस नियम को हटाने की मांग नहीं की है। फैंस मैच का मजा ले रहे हैं। हर तरह के मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।

