श्रेयस अय्यर पर 24 लाख जुर्माना: CSK के खिलाफ स्लो ओवर रेट के चलते एक्शन; लगातार दूसरे मैच में ऐसा हुआ
Published:
3 min read

(IPL) 2026 सीजन का 7वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच शुक्रवार यानी 3 अप्रैल को खेला गया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में हुए इस मैच को पंजाब ने 5 विकेट से जीत लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने बीती रात चेन्नई सुपर किंग्स को हराया, लेकिन इसके बावजूद टीम पर जुर्माना लगाया गया है। टीम तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई। स्लो ओवर रेट की वजह से अय्यर पर 24 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया है।
तय समय में ओवर खत्म करना होता है
यह मैच चेन्नई के चेपॉक स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जिसमें पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। लेकिन टीम तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई। इसे ही स्लो ओवर रेट कहा जाता है। इस गलती के कारण कप्तान श्रेयस अय्यर और पूरी टीम पर फाइन लगाया गया है। IPL के नियमों के अनुसार, हर टीम को तय समय के अंदर अपने ओवर पूरे करने होते हैं। ऐसा नहीं करने पर सजा मिलती है। इससे पहले भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था।

लगातार दूसरी बार हुई गलती
IPL के नियमों के मुताबिक- यह गलती लगातार दूसरी बार हुई है, इसलिए सजा भी ज्यादा कड़ी दी गई। कप्तान श्रेयस पर 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं टीम के बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर को भी नहीं छोड़ा गया। सभी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपए या उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया। अब अगले मैच में भी ऐसा हुआ तो अय्यर पर एकाध मैच का बैन भी लग सकता है।

मैच की समरी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई ने 5 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए। आयुष म्हात्रे ने 43 बॉल पर 73 रन की पारी खेली। इसमें 5 छक्के और 6 चौके लगाए। सरफराज खान ने 12 बॉल पर 32 रन बनाए। शिवम दुबे ने 27 बॉल पर नाबाद 45 रन बनाए। संजू सैमसन 7 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 22 बॉल पर 28 रन बनाए। पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाक ने 2 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल, मार्को यानसेन और जावियर बार्टलेट को 1-1 सफलता मिली।
जवाब में पंजाब ने 5 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान अय्यर ने 29 बॉल पर 50 रन की पारी खेली। इसमें 3 छक्के और 4 चौके लगाए।उनके अलावा प्रियांश आर्य ने 11 बॉल पर 39 रन बनाए। प्रभसिमरन सिंह ने 34 बॉल पर 43 और कूपर कोनोली ने 22 बॉल पर 36 रन बनाए। चेन्नई टीम के लिए मैट हेनरी और अंशुल कम्बोज ने 2-2 विकेट लिए।

