यशस्वी बन सकते हैं IPL 2026 के ऑरेंज कैप होल्डर: आर अश्विन ने कहा- गिल पीछे; जायसवाल के 3 मैच में 170 रन
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क IPL 2026 की शुरुआत काफी अच्छी हुई है और इस बार सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी की हो रही है, वो हैं युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल। उनकी बैंटिग से फैंस और एक्सपर्ट्स काफी खुश है। अब भारत के अनुभवी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने भी उन्हें इस सीजन का ऑरेंज कैप जीतने का मजबूत दावेदार बताया है।
गिल से आगे जायसवाल
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- यशस्वी जायसवाल इस बार अच्छे स्ट्राइक रेट के साथ ऑरेंज कैप जीतने के मजबूत दावेदार हैं। शुभमन गिल भी इस रेस में हो सकते हैं, लेकिन एक मैच मिस करने की वजह से जायसवाल फिलहाल उनसे आगे हैं।

जायसवाल का फॉर्म
जायसवाल इस सीजन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अब तक 3 मैचों में 170 रन बना लिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 163 से ज्यादा का है, जो कि बहुत ही शानदार माना जाता है। खास बात यह है कि वो 3 में से 2 पारियों में नाबाद भी रहे हैं, जिससे उनकी लगातार अच्छी बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है। हाल ही में उन्होंने मुंबई के खिलाफ सिर्फ 32 गेंदों में 77 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 27 रन से जीत हासिल की।
बारिश वाले मैच में दिखाया दम
सीजन का 13वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मंगलवार (7 अप्रैल) को खेला गया। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में हुए इस मैच को बारिश के चलते 11-11 ओवर का किया गया, जिसे राजस्थान टीम ने 27 रन से जीत लिया। यशस्वी जायसवाल प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जिन्होंने 32 बॉल पर नाबाद 77 रन बनाए।
इस तरह राजस्थान टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच जीत लिए हैं। ऐसे में यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। दूसरी ओर मुंबई टीम की 3 मैच में यह दूसरी हार है। वह अभी 7वें नंबर पर है।

