टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले 5 भारतीय IPL में फ्लॉप: बुमराह को 0 विकेट, सूर्या-तिलक का बल्ला खामोश, देखें रिकॉर्ड
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में अब तक 29 मैच हो चुके हैं, लेकिन कुछ स्टार प्लेयर्स ऐसे भी हैं, जिनका परफॉर्मेंस बेहद खराब रहा है। इनमें वे 5 भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेले थे। यह वर्ल्ड कप भारतीय टीम ने ही जीता था।
इन टॉप-5 प्लेयर्स में पेसर जसप्रीत बुमराह, बैटर सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल शामिल हैं।
अक्षर को छोड़कर बाकी चारों प्लेयर मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते हैं। इनमें पंड्या तो मुंबई टीम के कैप्टन हैं। अक्षर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाल रहे हैं। आइए जानते हैं इस IPL में इन पांचों प्लेयर्स का परफॉर्मेंस कैसा रहा…
जसप्रीत बुमराह
बुमराह ने मौजूदा सीजन में अब तक सभी 5 मैच खेले, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। उन्होंने इस दौरान 19 ओवर किए, जिसमें 8.63 के इकोनॉमी रेट से 164 रन दिए। जबकि बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 8 मैच खेलकर 14 विकेट लिए थे। फाइनल में बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट लिए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
सूर्यकुमार यादव
सूर्या भी इस IPL सीजन में खराब फॉर्म से जूझते दिखे हैं। उन्होंने 5 मैच में सिर्फ 106 रन बनाए। इस दौरान सूर्या का एवरेज भी 21.20 का रहा। इसमें से भी सूर्या ने एक पारी में 51 रन बना दिए थे। ये हटा दें तो 4 पारी में सिर्फ 55 रन ही हैं।
सूर्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 मैच में 242 रन बनाए थे। इसमें 1 फिफ्टी शामिल थी।

तिलक वर्मा
इस खिलाड़ी का बल्ला इस IPL में पूरी तरह खामोश रहा है। तिलक ने अब तक 5 मैच खेले, जिसमें सिर्फ 43 रन बनाए। उनका एवरेज 8.60 का रहा, जो किसी बॉलर से भी खराब है। तिलक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 मैच खेलकर 207 रन बनाए थे।

हार्दिक पंड्या
पंड्या ने अब तक 4 मैच खेले, जिसमें 2 ही विकेट लिए। उनका इकोनॉमी रेट भी काफी ज्यादा 11.16 का रहा। बैटिंग में भी उनका बल्ला नहीं चला। पंड्या ने 4 मैच में सिर्फ 81 रन बनाए, जिसमें से 40 रन तो एक ही पारी में बनाए थे। उनका एवरेज 27 का रहा। पंड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 मैच खेलकर 217 रन बनाए और 9 विकेट भी लिए थे।

अक्षर पटेल
स्पिन ऑलराउंडर अक्षर इस बार IPL में बॉलिंग और बैटिंग दोनों ही डिपार्टमेंट में फ्लॉप से दिखे हैं। उनकी 5 मैच की 4 पारियों में बैटिंग आई, जिसमें सिर्फ 29 रन बनाए। एवरेज 9.66 का रहा। बॉलिंग में अक्षर ने 5 मैच में सिर्फ 5 ही विकेट लिए। उनका इकोनॉमी रेट भी 7.52 का रहा। अक्षर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 7 मैच खेलकर 11 विकेट लिए और 4 पारी में 16 रन बनाए थे।

