राजस्थान जीत की हैट्रिक के साथ टॉप पर: मुंबई को 27 रन से हराया, यशस्वी के 32 बॉल पर 77* रन
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 13वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मंगलवार (7 अप्रैल) को खेला गया। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में हुए इस मैच को बारिश के चलते 11-11 ओवर का किया गया, जिसे राजस्थान टीम ने 27 रन से जीत लिया। यशस्वी जायसवाल प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जिन्होंने 32 बॉल पर नाबाद 77 रन बनाए।
इस तरह राजस्थान टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच जीत लिए हैं। ऐसे में यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। दूसरी ओर मुंबई टीम की 3 मैच में यह दूसरी हार है। वह अभी 7वें नंबर पर है।
मुंबई टीम 123/9
मैच में मुंबई टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद राजस्थान टीम ने 151 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में मुंबई टीम 9 विकेट गंवाकर 123 रन ही बना सकी। शेरफेन रदरफोर्ड ने 8 बॉल पर 25 रन बनाए।
नमन धीर ने 13 बॉल पर 25 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा ने 10 बॉल पर 14 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। राजस्थान टीम के लिए रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे को 1-1 विकेट।
राजस्थान टीम 150/3, यशस्वी की फिफ्टी
राजस्थान टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 11 ओवर के इस मैच में 3 विकेट गंवाकर 150 रन बनाए। ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 32 बॉल पर नाबाद 77 रन की पारी खेली। इसमें 4 छक्के और 10 चौके लगाए।
उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 14 बॉल पर 39 रन बनाए। उन्होंने 5 छक्के और 1 चौका लगाया। कप्तान रियान पराग ने 10 बॉल पर 20 रन बनाए। मुंबई के लिए एएम गजनफर ने 2 और शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट लिया।
बुमराह की बॉल पर वैभव के 2 छक्के
जसप्रीत बुमराह के लिए मैच का अपना पहला ओवर अच्छा नहीं रहा। उन्होंने पारी का दूसरा ओवर किया। वैभव सूर्यवंशी ने पहली ही बॉल पर छक्का लगाया। इसके बाद चौथी बॉल पर छक्का जमाया। इस तरह बुमराह के ओवर में 14 रन बनाए। दूसरी-तीसरी बॉल पर 2 सिंगल आए थे।
दोनों प्लेइंग-11
मुंबई टीम: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट सब: शेरफेन रदरफोर्ड, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा और अश्विनी कुमार।
राजस्थान टीम: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट सब: रवि बिश्नोई, रवि सिंह, लुआन-ड्री प्रिटोरियस, ब्रिजेश शर्मा और शुभम दुबे।

