IPL 2026 में लखनऊ की पांचवीं हार: राजस्थान ने 40 रन से हराया; जडेजा ने 43 रन बनाए, LSG की बैक-टू बैक दूसरी हार
Published:
3 min read

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 40 रन से हराने के बाद राजस्थान राॅयलस (RR) के प्लेयर सेलिब्रेट करते हुए। (फोटो सोर्स:IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 के 32वें मुकाबले में राजस्थान राॅयलस ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 40 रन से हरा दिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान इस जीत के बाद टीम पाॅइंट टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि लखनऊ की टीम 9वें नंबर पर ही बनी हुई है।
RR ने 159 का टारगेट दिया
टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो शुरुआत में सही साबित होता दिखा। राजस्थान की बल्लेबाजी की शुरुआत खराब रही और यशस्वी जायसवाल 22 और वैभव सूर्यवंशी 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके तुरंत बाद ध्रुव जुरेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। शुरुआती विकेट गिरने के बाद टीम प्रेशर में आ गई थी।
ऐसे में कप्तान रायन पराग ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 22 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, इस मुश्किल समय में रविंद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए। उनके साथ डोनोवन फरेरा (20) और शुभम दुबे (19) ने अहम योगदान दिया, जिससे राजस्थान की टीम 20 ओवर में 159 रन तक पहुंचने में सफल रही। लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और मोहसिन खान,प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट लिए।

मिशेल ने 55 रन की पारी खेली
160 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में आयुष बदोनी रन आउट हो गए, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और एडेन मार्करम भी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके अलावा निकोलस पूरन ने 22 रन और हिम्मत सिंह ने 15 रन बनाकर रन बनाए।लेकिन यह टीम को मैच में वापस लाने के लिए काफी नहीं था। एक छोर पर मिशेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 55 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला।
लखनऊ की टीम लगातार विकेट गंवाती रही और 18 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई। राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वहीं नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। रविंद्र जडेजा और रवि बिश्नोई को भी एक-एक सफलता मिली।इस मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रविंद्र जडेजा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

