दिल्ली की 3 हार के बाद पहली जीत: राजस्थान को 7 विकेट से हराया, राहुल-निसंका की फिफ्टी, स्टार्क को 3 विकेट
Published: Updated:
3 min read

दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल और पथुम निसंका ने 110 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 43वां मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच शुक्रवार (1 मई) को खेला गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए इस मैच को दिल्ली की टीम ने 7 विकेट से जीत लिया। लगातार तीन हार के बाद दिल्ली की यह पहली जीत है। केएल राहुल और पथुम निसंका ने फिफ्टी लगाई। जबकि मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए। राहुल प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
मैच में राजस्थान टीम के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद 226 रन का टारगेट सेट किया, जिसे दिल्ली की टीम ने 3 विकेट गंवाकर चेज कर लिया।
DC टीम- 226/3 (19.1 ओवर)
दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनर केएल राहुल ने 40 बॉल पर 75 और पथुम निसंका ने 33 बॉल पर 62 रन की पारी खेली। राहुल ने 5 और निसंका ने 3 सिक्स लगाए। दोनों ने 110 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। इनके अलावा नीतीश राणा ने 17 बॉल पर 33 रन बनाए।
आखिर में आशुतोष शर्मा ने 15 बॉल पर नाबाद 25 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 11 बॉल पर नाबाद 18 रन बनाए। राजस्थान टीम के लिए जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।
राजस्थान टीम- 225/6
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान टीम ने 6 विकेट गंवाकर 225 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 12 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल 6 और वैभव सूर्यवंशी 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला।
दोनों के बीच 59 बॉल पर 102 रन की पार्टनरशिप हुई। इसके बाद पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ 28 बॉल पर 53 रन की पार्टनरशिप की। पराग ने 50 बॉल पर 90 रन की पारी खेली। इसमें 5 सिक्स और 8 चौके लगाए। जुरेल ने 30 बॉल पर 42 और डोनोवन फरेरा ने 14 बॉल पर नाबाद 47 रन बनाए।
दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए। काइल जेमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को 1-1 सफलता मिली।
राजस्थान टीम चौथे नंबर पर
रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर काबिज है। इस टीम ने अब तक 10 मैच खेले, जिसमें से 6 जीते और 4 हारे हैं। इस तरह टीम के 12 पॉइंट्स हैं।
दूसरी ओर अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम है, जिसने 9 में से 4 मैच जीते और 5 ही हारे हैं। यह टीम अभी 8 पॉइंट्स के साथ छठवें नंबर पर पहुंच गई है। दिल्ली टीम की यह लगातार 3 मैच हारने के बाद पहली जीत है।
दोनों प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नंद्रे बर्गर और ब्रिजेश शर्मा।
इम्पैक्ट सब: एडम मिल्ने, दासुन शनाका, रवि सिंह, यशराज पुंजा और तुषार देशपांडे।
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, काइल जेमीसन, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन।
इम्पैक्ट सब: डेविड मिलर, विप्रज निगम, करुण नायर, अभिषेक पोरेल और आकिब नबी डार।

