चेन्नई की लगातार तीसरी हार: RCB 43 रन से जीतकर टॉप पर; टिम डेविड के 25 बॉल पर 70* रन
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 11वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच रविवार (5 अप्रैल) को खेला गया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ यह मैच RCB ने 43 रन से जीत लिया। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB शुरुआती दोनों मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
दूसरी ओर ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई टीम का यह तीसरा मैच था। CSK तीनों हारकर सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है। इस मैच के हीरो टिम डेविड रहे, जिन्होंने 25 बॉल पर नाबाद 70 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
चेन्नई टीम 207/10
बेंगलुरु टीम ने 251 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में चेन्नई टीम 207 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। सरफराज खान ने 25 बॉल पर 50 रन की पारी खेली। प्रशांत वीर ने 29 बॉल पर 43 रन बनाए।
आखिर में जेमी ओवर्टन ने 16 बॉल पर 37 रन की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। RCB के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए। जैकब डफी, अभिनन्दन सिंह और क्रुणाल पंड्या ने 2-2 विकेट मिले। सुयश शर्मा को एक सफलता मिली।
बेंगलुरु टीम 250/3
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए बेंगलुरु टीम ने 3 विकेट पर 250 रन बनाए। विराट कोहली 18 बॉल पर 28 रन बनाकर आउट हुए। देवदत्त पडिक्कल ने 29 बॉल पर 50 रन की पारी खेली। फिल साल्ट ने 30 बॉल पर 46 रन बनाए।
आखिर में टिम डेविड ने 25 बॉल पर नाबाद 70 और कप्तान रजत पाटीदार ने 18 बॉल पर नाबाद 48 रन की पारी खेली। डेविड ने 8 छक्के और 3 चौके लगाए। पाटीदार ने 6 छक्के और 1 चौका लगाया। चेन्नई के लिए अंशुल कम्बोज, जेमी ओवर्टन और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट लिया।
RCB Vs CSK हेड-टू-हेड
बेंगलुरु और चेन्नई टीम के बीच अब तक 37 मैच खेले गए हैं। इसमें CSK टीम का पलड़ा ही भारी रहा है। उसने 22 मैच जीते हैं, जबकि 14 में RCB को सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा था। पिछले सीजन में दोनों टीम के बीच 2 मैच हुए थे, दोनों में बेंगलुरु को जीत मिली थी।
दोनों प्लेइंग-11
चेन्नई टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, शिवम दुबे, सरफराज खान, प्रशांत वीर, जेमी ओवर्टन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद और अंशुल कम्बोज।
बेंगलुरु टीम: विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जैकब डफी।
द्रविड़-कुंबले के नाम पर दो स्टैंड्स
इसी मैच के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले के नाम पर बने दो स्टैंड्स का अनावरण किया गया। इस दौरान दोनों दिग्गज भी मौजूद रहे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।

