CSK अब भी IPL प्लेऑफ की रेस में: मुंबई के लिए डू आर डाई; देखिए चेन्नई-MI टीम का सिनेरियो
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। हर एक टीम ने 9 मैच खेल लिए हैं। कुछ ने 10 भी खेल लिए। अब सभी टीमें प्लेऑफ की जद्दोजहद में हैं। इसमें पंजाब किंग्स (PBKS), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटन्स (GT) पॉइंट्स टेबल के टॉप-5 में बनी हुई हैं।
चेन्नई टीम छठवें नंबर पर काबिज
जबकि 5 बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) छठवें नंबर पर है। दूसरी ओर 5 ही बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस (MI) 9वें नंबर पर है। प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए MI को अब अपने बाकी सभी मैच हर हाल में जीतने होंगे। एक हार उसे बाहर कर देगी।
मुंबई ने 10 में से 3 ही मैच जीते और 7 हारे हैं। दूसरी ओर चेन्नई टीम है, जिसने 9 में से 4 मैच जीते और 5 हारे हैं। इस टीम के अभी 8 पॉइंट हैं।
आइए जानते हैं चेन्नई टीम का प्लेऑफ सिनेरियो…
- IPL प्लेऑफ के लिए हर एक टीम को 16 पॉइंट करने होते हैं। 14 पॉइंट्स में भी टीमें क्वालिफाई कर लेती हैं, लेकिन यहां नेट रनरेट का मामला भी फंसने का डर रहता है। 16 में कन्फर्म क्वालिफिकेशन होती है।
- जबकि चेन्नई टीम के अभी 9 मैच में 8 पॉइंट हैं। उसे अभी 5 मैच और खेलने हैं।
- यदि चेन्नई टीम को प्लेऑफ में अपनी एंट्री पक्की करनी है, तो बाकी बचे 5 में से 4 मैच हर हाल में जीतने होंगे। तब यह टीम 16 पॉइंट्स के साथ क्वालिफाई कर सकेगी।
- यदि चेन्नई टीम ने 5 में से 3 मैच जीते तो उसके 14 पॉइंट्स होंगे। ऐसे में नेट रनरेट काफी अहम हो जाएगा। फिलहाल, CSK का नेट रनरेट 0.005 है। ऐसे में समझ सकते हैं कि चेन्नई टीम के लिए अब सभी मैच डू आर डाई वाले हैं।
चेन्नई टीम के अगले 5 मैच किसके खिलाफ
CSK टीम अपना अगला मैच 5 मई को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेलना है। इसके बाद लगातार 2 मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होंगे। चौथा मैच हैदराबाद और पांचवां मैच गुजरात टीम से खेलना है।
मुंबई प्लेऑफ की रेस में बरकरार
MI टीम ने अब तक 10 में से 3 मैच जीते हैं। 7 में उसे हार मिली है। इस तरह यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर काबिज है। उसे अभी 4 मैच और खेलने हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए MI को अब सभी 4 मैच जीतने होंगे। उसके बाद भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं रहेगी। तब नेट रनरेट का मामला फंस सकता है।

