इस IPL में पंजाब की 5वीं जीत, टॉप पर बरकरार: लखनऊ 54 रन से हारी, प्रियांश के 37 बॉल पर 93 रन
Published: Updated:
3 min read

पंजाब किंग्स का यह छठवां मैच रहा। उसने अब तक 6 में से 5 मैच जीते और 1 बेनतीजा रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 29वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच रविवार (19 अप्रैल) को खेला गया। न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच को पंजाब टीम ने 54 रन से जीत लिया। पंजाब टीम इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। वह 5 जीत के साथ टॉप पर बरकरार है। प्रियांश आर्य प्लेयर ऑफ द मैच बने।
लखनऊ टीम 200/5
मैच में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद पंजाब टीम ने 255 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में लखनऊ टीम 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया।
कप्तान पंत ने 23 बॉल पर 43 रन की पारी खेली। इस दौरान 4 सिक्स और एक चौका लगाया। मिचेल मार्श ने 28 बॉल पर 40 और आयुष बदोनी ने 21 बॉल पर 35 रन बनाए। आखिर में एडेन मार्करम 42 और मुकुल चौधरी नाबाद 21 रन बनाए। पंजाब के लिए मार्को यानसेन ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल को 1-1 विकेट मिला।
पंजाब टीम 254/7, प्रियांश-कोनोली की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पंजाब टीम ने 7 विकेट पर 254 रन बनाए। प्रियांश आर्य ने 37 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। इस दौरान 9 सिक्स और 4 चौके लगाए। जबकि कूपर कोनोली ने 46 बॉल पर 87 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 सिक्स और 8 चौके लगाए।
आखिर में मार्कस स्टोइनिस ने 16 बॉल पर 29 और शशांक सिंह ने 6 बॉल पर 17 रन बनाए। लखनऊ टीम के लिए एम सिद्धार्थ और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला।
पंजाब टीम अब तक नहीं हारी
पंजाब किंग्स का यह छठवां मैच रहा। उसने अब तक 6 में से 5 मैच जीते और 1 बेनतीजा रहा है। यह टीम अभी 11 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। उसका नेटरनरेट काफी बेहतर है। जबकि लखनऊ टीम की यह लगातार तीसरी हार है। उसने 6 में से 2 मैच जीते और 4 हारे हैं। यह टीम 4 पॉइंट के साथ 8वें नंबर पर है।
दोनों प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: विजयकुमार वैशाक, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर और विष्णु विनोद।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ और मोहसिन खान।
इम्पैक्ट सब: अब्दुल समद, दिग्वेश सिंह राठी, मैथ्यू ब्रीट्जके, मयंक यादव और हिम्मत सिंह।

