अब बेंच प्लेयर्स ड्रिंक्स नहीं ला सकेंगे: सिर्फ 16 खिलाड़ियों को ही मैदान के पास आने की मंजूरी, IPL में नया नियम लागू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 के दौरान एक नया नियम लागू कर दिया है। अब मैच के दिन बेंच पर बैठे प्लेयर मैदान के अंदर नहीं जा सकेंगे। यानी वे ड्रिंक्स, बैट या मैसेज लेकर प्लेयर्स तक नहीं पहुंच पाएंगे।
नए रूल्स में क्या है
IPL टीमों में आम तौर पर करीब 25 प्लेयर होते हैं। हर मैच के लिए टीम शीट पर सिर्फ 16 प्लेयर्स के नाम होते हैं। बाकी खिलाड़ी डगआउट में ही रहेंगे। सिर्फ वही 16 प्लेयर मैदान से जुड़े काम कर पाएंगे जिनका नाम मैच की लिस्ट में होगा। इससे पहले टीम के बाकी प्लेयर भी ड्रिंक्स लेकर आते थे। बाउंड्री के पास एक्टिव रहते थे। अब ऐसा नहीं होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने बाउंड्री के पास रहने वाले प्लेयर्स की संख्या भी तय कर दी है। अब एक समय में सिर्फ 5 प्लेयर ही बिब्स पहनकर बाउंड्री लाइन के पास रह सकते हैं। बाकी सभी प्लेयर्स को डगआउट में बैठना होगा। उन्हें बाउंड्री और LED बोर्ड के बीच आने की परमिशन नहीं होगी।

वजह क्या
इस सीजन में पहले ही प्रैक्टिस, सपोर्ट स्टाफ और मैच डे मूवमेंट को लेकर कई नए नियम लागू किए जा चुके हैं। इस फैसले का असर टीमों की स्ट्रैटजी पर पड़ सकता है। अब मैदान के बाहर से तुरंत मैसेज देना पहले जितना आसान नहीं रहेगा।
इससे पहले भी कई रूल्स लागू
IPL 2026 से पहले BCCI ने नई गाइडलाइंस जारी की थी। इन गाइडलाइंस के तहत मैच के दिन प्रैक्टिस सेशन पर रोक लगा दी गई । हर टीम को 2 नेट और 1 साइड विकेट दिया जाएगा। कोई भी टीम विरोधी टीम के विकेट यूज नहीं कर सकेगी। अगर कोई टीम अपना प्रैक्टिस जल्दी खत्म कर देती है। तब भी विकेट का यूज नहीं कर पाएगी। ओपन नेट की परमिशन भी नहीं होगी।
प्रैक्टिस को लेकर भी रूल्स
मैच के दिन प्रैक्टिस पूरी तरह बैन रहेगी। इसके अलावा प्लेयर्स को प्रैक्टिस के लिए टीम बस से ही आना होगा। फैमिली और फ्रेंड अलग व्हीकल से आएंगे। केवल हॉस्पिटैलिटी एरिया से ही प्रैक्टिस देख सकेंगे।
)
ड्रेसिंग रूम में सिर्फ स्टाफ जाएगा
ड्रेसिंग रूम और मैदान में सिर्फ ऑथराइज्ड स्टाफ को ही जाने की परमिशन होगी। सभी स्टाफ के लिए एक्रेडिटेशन कार्ड जरूरी रहेगा। कार्ड नहीं होने पर जुर्माना लग सकता है। मैच के दिन एक टीम के साथ सिर्फ 12 सपोर्ट स्टाफ रह सकेंगे।
ऑरेंज और पर्पल कैप पहनना जरूरी
किसी खिलाड़ी का जर्सी नंबर बदलने पर टीम को 24 घंटे पहले बताना होगा। साथ ही ब्रॉडकास्ट रूल्स के मुताबिक, शुरुआती ओवर्स में ऑरेंज और पर्पल कैप पहनना जरूरी होगा। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में स्लीवलेस जर्सी पहनने की परमिशन नहीं होगी।

