पिता बनने के बाद बदल गया केएल राहुल का बैटिंग स्टाइल: बोले- अब ज्यादा नहीं सोचता, गेम एंजॉय करता हूं; बेटी इवारा के लिए कहा- वह मेरी सारी टेंशन खत्म कर देती है
Published:
2 min read

केएल राहुल ने 2023 में बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी से शादी की थी। 2025 में उनके घर बेटी इवारा’ (Evaarah) का जन्म हुआ। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. केएल राहुल ने हाल ही में पिता बनने के अपने अनुभव को लेकर दिल की बात साझा की। उन्होंने बताया कि बेटी के आने के बाद उनकी जिंदगी और सोच दोनों बदल गई और इसका असर उनके खेल पर भी साफ दिख रहा है।
जियोस्टार के शो Superstars में राहुल बोले- पिता बनना मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत पल रहा। मुझे लगता था कि मेरी जिंदगी में पहले से ही शांति और खुशी है, लेकिन मैं गलत था। असली खुशी, सुकून और प्यार तब समझ आता है, जब आप अपने बच्चे को गोद में लेते हो।
राहुल ने बताया कि वह इस समय अपनी जिंदगी के सबसे अच्छे दौर को जी रहे हैं। हालांकि मैचों के दौरान बेटी से दूर रहना उनके लिए बेहद मुश्किल भी रहता है।
राहुल ने कहा- मुझे लगा था कि जैसे-जैसे वो बड़ी होगी, उसे छोड़कर आना आसान हो जाएगा, लेकिन अब तो और मुश्किल हो रहा है। वो अब चलने-फिरने और बोलने की कोशिश कर रही है, तो उसे छोड़कर आना और भी कठिन लगता है। जब वो मैच खेलकर वापस घर आते हैं और बेटी उन्हें देखकर मुस्कुराती है, गले लगती है, तो उनकी सारी थकान, दर्द और टेंशन खत्म हो जाती है।

अपना बेस्ट देता हूं, गेम एंजॉय करता हूं
राहुल के मुताबिक- पिता बनने के बाद उनके खेल में भी बदलाव आया है। वह कहते हैं- अब मैं खेल को लेकर ज्यादा नहीं सोचता। जब मैदान पर जाता हूं तो बस गेम एंजॉय करता हूं और अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं।

केएल राहुल ने 2023 में बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी से शादी की थी। 2025 में उनके घर बेटी इवारा’ (Evaarah) का जन्म हुआ।
लोग मुझे अच्छा टी20 खिलाड़ी नहीं मानते थे
राहुल ने अपने करियर के बारे में भी बात की। पहले उन्हें सिर्फ टेस्ट खिलाड़ी माना जाता था, लेकिन उन्होंने मेहनत करके खुद को टी20 और वनडे में भी साबित किया। राहुल कहते हैं- लोग मुझे अच्छा टी20 खिलाड़ी नहीं मानते थे। लेकिन आज मैं यहां तक पहुंचा हूं, इस पर मुझे गर्व है। राहुल ने यह भी कहा कि खेल में हमेशा सब कुछ आपके हिसाब से नहीं होता, लेकिन जरूरी है कि आप मेहनत करते रहें और सफर का मजा लें।

