पंजाब 4 जीत के साथ टॉप पर: मुंबई को 21 बॉल पहले हराया, श्रेयस-प्रभसिमरन की फिफ्टी; अर्शदीप प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
3 min read

पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 बॉल पर 66 रन बनाए। इसमें 4 छक्के और 5 चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 24वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच गुरुवार (16 अप्रैल) को वानखेड़े में खेला गया। यह मैच पंजाब टीम ने 7 विकेट से 16.3 ओवर में ही जीत लिया। मैच में क्विंटन डि'कॉक ने सेंचुरी लगाई, लेकिन श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन की फिफ्टी इस पर भारी पड़ी। अर्शदीप सिंह प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने 3 विकेट लिए थे।
यह पंजाब की 5 मैच में चौथी जीत है। इसके साथ ही यह टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। मैच में पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद मुंबई टीम ने 196 रन का टारगेट सेट किया।
पंजाब टीम 198/3 (16.3 ओवर)
जवाब में पंजाब ने 3 विकेट गंवाकर 16.3 ओवर में ही 198 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 39 बॉल पर नाबाद 80 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के और 11 चौके लगाए। कप्तान श्रेयस ने 35 बॉल पर 66 रन बनाए। इसमें 4 छक्के और 5 चौके लगाए।
मुंबई के पेसर जसप्रीत बुमराह का यह IPL में लगातार छठा मैच है, जिसमें उन्हें विकेट नहीं मिला। MI के लिए इस मैच में एएम गजनफर ने 2 और शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट लिया।
मुंबई 195/6, डि'कॉक की सेंचुरी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 12 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद क्विंटन डि'कॉक और नमन धीर ने 68 बॉल पर 122 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला। डि'कॉक ने 60 बॉल पर नाबाद 112 रन की पारी खेली।
यह इस सीजन की दूसरी सेंचुरी है। इससे पहले संजू सैमसन शतक लगा चुके। डि'कॉक ने 7 छक्के और 8 चौके लगाए। जबकि नमन ने 31 बॉल पर 50 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 14 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लिए। इस तरह मुंबई टीम ने 6 विकेट पर 195 रन बनाए।
पंजाब जीतकर टॉप पर पहुंची
इस सीजन में दोनों टीमों का यह 5वां मैच रहा। पंजाब ने 5 में से 4 मैच जीते और एक बेनतीजा रहा है। यह टीम अभी 9 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। जबकि मुंबई टीम ने 5 में से 4 हारे और 1 जीता है। यह टीम 2 पॉइंट्स के साथ 9वें नंबर पर है।
दोनों प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: क्विंटन डि'कॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट सब: एएम गजनफर, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, रॉबिन मिंज और अश्विनी कुमार।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: नेहल वढेरा, विष्णु विनोद, हरप्रीत बरार, सुयांश शेडगे और यश ठाकुर।

