5 मैच बाद बुमराह को इस IPL का पहला विकेट: तिलक की सेंचुरी, MI ने गुजरात को 99 रन से हराया
Published: Updated:
2 min read

तिलक वर्मा ने 45 बॉल पर 101 रन की पारी खेली। इस दौरान 7 सिक्स और 8 चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 30वां मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच सोमवार (20 अप्रैल) को खेला गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच को मुंबई टीम ने 99 रन से जीत लिया। सेंचुरी लगाने वाले तिलक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जबकि जसप्रीत बुमराह को इस सीजन का पहला विकेट मिल गया।
शुरुआती 5 मैच में तिलक का बल्ला इस IPL में पूरी तरह खामोश रहा। उन्होंने 5 मैच में सिर्फ 43 रन बनाए थे। उनका एवरेज 8.60 का रहा, जो किसी बॉलर से भी खराब था। मगर अब शतक लगाकर उन्होंने शानदार वापसी की है।
बुमराह को पहला विकेट
दूसरी ओर बुमराह हैं, जिन्हें इस सीजन का पहला विकेट मिला है। बुमराह को मौजूदा सीजन के शुरुआती 5 मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। उन्होंने इस दौरान 19 ओवर किए, जिसमें 8.63 के इकोनॉमी रेट से 164 रन दिए। मगर अब छठवें मैच में उन्होंने विकेट का खाता खोल लिया।
मुंबई टीम 199/5, तिलक की सेंचुरी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई टीम ने 5 विकेट पर 199 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 45 बॉल पर 101 रन की पारी खेली। इस दौरान 7 सिक्स और 8 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 224.44 का रहा। जबकि नमन धीर ने 32 बॉल पर 45 रन बनाए।
गुजरात टीम के लिए कगिसो रबाडा ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।
गुजरात टीम 100/10, अश्विनी को 4 विकेट
200 रन के टारगेट के जवाब में गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ही ऑलआउट हो गई। वॉशिंगटन सुंदर ने 17 बॉल पर 26 रन बनाए। शाहरुख खान ने 17, कप्तान शुभमन गिल ने 14 और रबाडा ने 12 रन बनाए।
मुंबई टीम के लिए पेसर अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर 4 विकेट लिए। एएम गजनफर और मिचेल सेंटनर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को 1-1 सफलता मिली।

