मैं ही पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL में लाया: मैंने ही उन्हें बाहर किया, ललित मोदी बोले- मैं ही इंडिया और PAK को साथ लाया था
Published:
2 min read

पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL के पहले यानी 2008 सीजन में पहली और आखिरी बार मौका मिला था। तब शाहिद आफरीदी, शोएब मलिक और शोएब अख्तर समेत 11 खिलाड़ी यह लीग खेले थे। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खिलाने और उन्हें बाहर करने को लेकर बयान दिया है। मोदी ने कहा कि वही एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जो पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL में लेकर आए थे और उन्होंने ही पाकिस्तानी प्लेयर्स को लीग से बाहर किया।
आज IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन चुकी है। इस लीग का मॉडल ललित मोदी ने बनाया था। 2008 में लीग की शुरुआत हुई। तब ललित BCCI उपाध्यक्ष थे।
पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL में लेकर आया
ललित मोदी ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के पोडकास्ट पर यह बयान दिया। उन्होंने कहा- मैं ही वह व्यक्ति था, जो 9 साल बाद 2006 में इंडिया-पाकिस्तान को एक साथ लाया और दोनों टीम के बीच फ्रेंडशिप सीरीज करवाई थी।

मोदी ने कहा- मैं ही वह अकेला व्यक्ति था, जो पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL में लेकर आया था। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद मैंने ही पाकिस्तानी प्लेयर्स को लीग से बाहर भी किया था।
PAK प्लेयर एक IPL सीजन खेल सके
पाकिस्तानी प्लेयर्स को IPL के पहले यानी 2008 सीजन में पहली और आखिरी बार मौका मिला था। तब लीग में 8 टीमें थीं, जिनमें से 5 में ही पाकिस्तानी खिलाड़ी खेले थे।
तब शाहिद आफरीदी, शोएब मलिक और शोएब अख्तर समेत 11 खिलाड़ियों को मौका मिला था। KKR में सबसे ज्यादा 4 पाकिस्तानी क्रिकेटर सलमान बट, शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज और उमर गुल खेले थे।

