जैमीसन को IPL से मिली वॉर्निंग: वैभव सूर्यवंशी को आउट करने पर एग्रेसिव रिएक्शन दिया था; मैच के बाद बोले- इतने छोटे खिलाड़ी से पहली बार डर लगा
Published:
3 min read

काइल जैमीसन वैभव को आउट करने के बाद एग्रेसिव सेलिब्रेशन करते हुए।(फोटो सोर्स:IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को IPL कमिटी की ओर से वॉर्निंग मिली है। यह वॉर्निंग शुक्रवार (1 मई) को हुए मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद दिए गए एग्रेसिव रिएक्शन को लेकर आई है।
दरअसल, मैच के दूसरे ओवर में जैमीसन ने एक यॉर्कर डाली और वैभव को आउट कर दिया। लेकिन उसके बाद उन्होंने बल्लेबाज के पास जाकर थोड़ा गुस्से वाला सेलिब्रेशन किया। यही चीज गलत मानी गई। नियम के हिसाब से ऐसा व्यवहार दूसरे खिलाड़ी को उकसा सकता है, इसलिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट और वार्निंग मिली। अच्छी बात ये रही कि जैमीसन ने तुरंत अपनी गलती मान ली। मैच के बाद जैमिसन यह भी कहते दिखाई दिए कि वे इस कम उम्र के खिलाड़ी से डर भी रहे थे।
15 साल के प्लेयर से कभी इतना नहीं डरा
मैच के बाद जैमीसन ने कहा- मैं वैभव से थोड़ा डरा हुआ था। कभी किसी 15 साल के लड़के से इतना डर नहीं लगा। वैभव इस सीजन में बहुत अच्छा खेल रहा है। इतनी कम उम्र में वो बड़े-बड़े बाॅलर को परेशान कर रहा है। इसलिए दिल्ली की टीम पहले से प्लान बनाकर आई थी कि उसे और यशस्वी जायसवाल को जल्दी आउट करना है।

मैच की समरी
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान टीम ने 6 विकेट गंवाकर 225 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 12 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल 6 और वैभव सूर्यवंशी 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 59 बॉल पर 102 रन की पार्टनरशिप हुई। इसके बाद पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ 28 बॉल पर 53 रन की पार्टनरशिप की। पराग ने 50 बॉल पर 90 रन की पारी खेली। इसमें 5 सिक्स और 8 चौके लगाए। जुरेल ने 30 बॉल पर 42 और डोनोवन फरेरा ने 14 बॉल पर नाबाद 47 रन बनाए। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए। काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को 1-1 सफलता मिली।

राहुल-निसंका की 110 रन की पार्टनरशिप
इसके बाद टारगेट चेस करते हुए दिल्ली की टीम ने 3 विकेट गंवाकर चेज कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनर केएल राहुल ने 40 बॉल पर 75 और पथुम निसंका ने 33 बॉल पर 62 रन की पारी खेली। राहुल ने 5 और निसंका ने 3 सिक्स लगाए। दोनों ने 110 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। इनके अलावा नीतीश राणा ने 17 बॉल पर 33 रन बनाए। आखिर में आशुतोष शर्मा ने 15 बॉल पर नाबाद 25 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 11 बॉल पर नाबाद 18 रन बनाए। राजस्थान टीम के लिए जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।

