क्रुणाल बोले- हार्दिक और मेरे बीच सब ठीक : मुकुल की स्लेजिंग पर कहा- मजाक कर रहा था; लोग हेयरस्टाइल से मुझे गुस्से वाला समझ लेते हैं
Published:
3 min read

क्रुणाल पांड्या IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उन्होंने अब तक 5 मैचों में 7 विकेट लिए हैं और टीम के टॉप गेंदबाजों में शामिल हैं।क्रुणाल ने आईपीएल में 100 विकेट पूरे कर लिए हैं और साथ ही 1000 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. कुण्राल पांड्या ने अपने भाई हार्दिक पांड्या के साथ मनमुटाव के दावों को खारिज किया है। RCB के ऑलराउंडर ने कहा- सब कुछ ठीक है। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ के बैटर मुकुल चौधरी की स्लेजिंग करने से भी इनकार किया। क्रुणाल ने कहा कि मैच के दौरान बस हम दोनों में मजाक चल रहा था। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा- मेरी हेयरस्टाइल की वजह से लोग मुझे गुस्से वाला समझ लेते हैं।
RCB के पॉडकास्ट में पहुंचे थे क्रुणाल
क्रुणाल हाल ही में डेनिश सैत के साथ RCB के पॉडकास्ट में पहुंचे थे। वहां उनसे पूछा गया? सब ठीक है या फिर लड़ाई चल रही है? इस पर क्रुणाल बस हंसते रहे। फिर डेनिश ने मजाक में कहा, “केन और अंडरटेकर भी कभी-कभी लड़ते हैं।” जब दोबारा पूछा गया कि “सब ठीक है?”, तो क्रुणाल ने साफ जवाब दिया, “सब ठीक है।”
दोनों भाइयों में मनमुटाव की अफवाह फैलने की क्या वजह
दरअसल, IPL में हाल ही में हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस मैच में तो फैंस की नजर खास तौर पर पांड्या ब्रदर्स पर थी। मैच के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब क्रुणाल गेंदबाजी कर रहे थे और सामने हार्दिक बल्लेबाजी कर रहे थे। क्रुणाल का सेलिब्रेशन वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और लोग तरह-तरह की बातें करने लगे। कई लोगों ने तो यह तक कहना शुरू कर दिया कि दोनों भाइयों के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा।
RCB के पॉडकास्ट में बताया
मुकुल के साथ मजाक चल रहा था
क्रुणाल पर आरोप लगा था कि उन्होंने लखनऊ के बैटर मुकुल चौधरी के साथ स्लेजिंग की थी। इस पर क्रुणाल ने कहा-लोग कह रहे थे कि मैंने एक युवा खिलाड़ी को स्लेज किया। लेकिन ऐसा नहीं था। उसने पहली गेंद पर पैडल शॉट लगाया तो मैंने बस कहा कि तुम सिक्स लगा सकते हो, मुझे लगा कर दिख दो। वो भी हंस रहा था, सब मजाक में चल रहा था। उन्होंने आगे कहा- लोग मेरी हेयरस्टाइल की वजह से मुझे गुस्से वाला समझ लेते हैं, जबकि असल में मैं ऐसा नहीं हूं।

5 मैच में 7 विकेट लिए
क्रुणाल पांड्या IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उन्होंने अब तक 5 मैचों में 7 विकेट लिए हैं और टीम के टॉप गेंदबाजों में शामिल हैं। क्रुणाल ने IPL में 100 विकेट पूरे कर लिए हैं और साथ ही 1000 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं। RCB ने उन्हें 2025 की मेगा ऑक्शन में 5.75 करोड़ रुपए में खरीदा था।

