IPL 2026, KKR Vs PBKS: बारिश के चलते मैच रद्द; दोनों टीम को 1-1 पॉइंट, पंजाब टॉप पर
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 12वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच सोमवार (6 अप्रैल) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया। यह मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। दोनों टीम को 1-1 पॉइंट मिला।
दोनों ही टीम का यह इस सीजन का तीसरा मैच था। पंजाब ने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता को दोनों मैच में हार मिली है। यह एक अंक लेकर पंजाब टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई। जबकि कोलकाता टीम 1 पॉइंट के साथ 9वें से 8वें नंबर पर आई।
कोलकाता टीम 25/2
मैच में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम की शुरुआत खराब रही। 16 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। फिन एलेन 6 और कैमरन ग्रीन 4 रन पर आउट हुए।
KKR ने 3.4 ओवर में 2 विकेट पर 25 रन ही बनाए थे कि बारिश के चलते मैच रोक दिया गया। यहां से खेल शुरू ही नहीं हो सका। अजिंक्य रहाणे 8 और अंगकृष रघुवंशी 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
KKR Vs PBKS हेड-टू-हेड
IPL में पंजाब और कोलकाता टीम के बीच अब तक 36 मैच खेले गए हैं। इस दौरान KKR का पलड़ा भारी रहा, जिसने 21 मैच में जीत दर्ज की। 13 मैचों में पंजाब को जीत नसीब हुई। दो मैच बेनतीजा रहे।
मैच में दोनों प्लेइंग-11
कोलकाता टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलेन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट सब: ब्लेसिंग मुजारबानी, मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी और सौरभ दुबे।
पंजाब टीम: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट सब: प्रियांश आर्य, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे और हरप्रीत बरार।

