लखनऊ की लगातार दूसरी जीत: कोलकाता को 3 विकेट से हराया, मुकुल ने 27 बॉल पर 54* रन बनाकर जिताया
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 15वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया। यह मैच लखनऊ टीम ने 3 विकेट से जीत लिया। इस सीजन में लखनऊ टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के हीरो मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने 27 बॉल पर नाबाद 54 रन बनाए।
LSG 182/7, मुकुल ने हारी बाजी पलटी
मैच में कोलकाता टीम ने 182 रन का टारगेट दिया था। जवाब में लखनऊ की टीम 7 विकेट पर चेज कर लिया। LSG के लिए आयुष बदोनी ने 34 बॉल पर 54 रन की पारी खेली। आखिर में मुकुल चौधरी ने मैच फिनिश किया और हारी बाजी पलट दी।
आखिरी 4 ओवर में 54 रन की दरकार थी और 7 विकेट हो चुके थे। मुकुल 6 बॉल पर 2 रन बनाकर खेल रहे थे। आखिर में मुकुल ने आवेश खान के साथ 21 बॉल पर नाबाद 54 रन की पार्टनरशिप की। इसमें अकेले मुकुल ने 52 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
मुकुल ने अपनी पारी में 7 छक्के और 2 चौके लगाए। KKR टीम के लिए अनुकूल रॉय और वैभव अरोड़ा ने 2-2 विकेट लिए। सुनील नरेन, कार्तिक त्यागी और कैमरन ग्रीन को 1-1 विकेट मिला।
कोलकाता टीम 181/4
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए कोलकाता टीम ने 4 विकेट पर 181 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी फिफ्टी नहीं लगा सके। रघुवंशी ने 33 बॉल पर 45 और रहाणे ने 24 बॉल पर 41 रन बनाए।
आखिर में रोवमैन पॉवेल ने 24 बॉल पर नाबाद 39 रन की पारी खेली। कैमरन ग्रीन ने 24 बॉल पर 32 रन बनाए। लखनऊ टीम के लिए प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी और आवेश खान ने 1-1 विकेट लिया। मोहम्मद शमी को विकेट नहीं मिला।
KKR अब तक मैच नहीं जीती
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता टीम अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है। उसने 4 मैच खेले, जिसमें से 3 हारे और 1 बेनतीजा रहा।
दूसरी ओर ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम है, जिसने 3 मैच खेले, जिसमें से 2 जीते और एक हारा है। इस तरह पॉइंट्स टेबल में लखनऊ टीम 5वें और कोलकाता टीम 9वें नंबर पर काबिज है।
KKR Vs LSG हेड-टू-हेड
कोलकाता और लखनऊ टीम के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं। इसमें LSG टीम का पलड़ा भारी रहा है, जिसने 5 मैचों में जीत दर्ज की। KKR को सिर्फ दो ही मैच में जीत मिली।
दोनों प्लेइंग-11
कोलकाता टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलेन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी और कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट सब: मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी और टिम सीफर्ट।
लखनऊ टीम: मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: आयुष बदोनी, मैथ्यू ब्रीट्जके, हिम्मत सिंह, मयंक यादव और शहबाज अहमद।

