राजस्थान लगातार 2 जीत के साथ टॉप पर: गुजरात को 6 रन से हराया; बिश्नोई को 4 विकेट, जुरेल-यशस्वी की फिफ्टी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 9वां मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच शनिवार यानी 4 अप्रैल को खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच को राजस्थान ने 6 रन से जीत लिया। इसी के साथ राजस्थान टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इसी के साथ यह टीम पॉइंट्स टेबल में 4 अंक के साथ टॉप पर पहुंच गई है।
राजस्थान टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 211 रन का टारगेट सेट किया था। जवाब में गुजरात टीम 8 विकेट गंवाकर 204 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल की फिफ्टी मैच विनिंग रही।
गुजरात 204/8, बिश्नोई को 4 विकेट
GT टीम की शुरुआत शानदार रही थी। टीम ने 10 ओवर में 1 विकेट पर 103 रन बना लिए थे। इसके बाद विकेट गिरते गए और रन रेट भी नीचे आता गया। आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन राशिद खान और कगिसो रबाडा नहीं बना सके। इस तरह टीम 8 विकेट पर 204 रन ही बना सकी।
मैच में ओपनर साई सुदर्शन ने 44 बॉल पर 73 रन की पारी खेली। जबकि जोस बटलर ने 26, राशिद ने 24 और रबाडा ने नाबाद 23 रन बनाए। राजस्थान टीम के लिए रवि बिश्नोई ने 4 विकेट लिए।
राजस्थान टीम 210/6
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान टीम ने 6 विकेट गंवाकर 210 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 32 बॉल में फिफ्टी लगाई। उन्होंने 36 बॉल पर 55 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी 18 बॉल पर 31 रन बनाकर आउट हुए।
जबकि ध्रुव जुरेल ने 42 बॉल पर 75 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा ने 2 विकेट लिए।
गिल चोट के कारण मैच नहीं खेले
गुजरात टीम के कप्तान शुभमन गिल यह मैच नहीं खेले। उन्हें मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत है। उनकी जगह राशिद खान ने कप्तानी संभाली। दोनों ही टीमों का यह इस सीजन का दूसरा मैच रहा।
रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान टीम ने अपने पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया था। जबकि गुजरात टीम को पहले मैच में हार मिली थी। उसे पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से शिकस्त दी थी।
GT Vs RR हेड-टू-हेड
गुजरात और राजस्थान टीम के बीच अब तक 9 मैच खेले गए। इस दौरान गुजरात टीम का पलड़ा भारी रहा है। उसने 6 मैच में राजस्थान टीम को शिकस्त दी है। जबकि सिर्फ 3 मैच में ही राजस्थान को जीत नसीब हुई।
दोनों प्लेइंग-11
गुजरात टीम: कुमार कुशाग्र, साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान (कप्तान), कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट सब: शाहरुख खान, जेसन होल्डर, मानव सुथार, अनुज रावत और जयंत यादव।
राजस्थान टीम: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट सब: रवि बिश्नोई, लुआन-डी प्रिटोरियस, सुशांत मिश्रा, बृजेश शर्मा और रवि सिंह।

