पंजाब लगातार 2 मैच हारकर भी टॉप पर: गुजरात टीम 4 विकेट से जीती, होल्डर को 4 विकेट; सुदर्शन की फिफ्टी
Published: Updated:
3 min read

गुजरात टीम के लिए साई सुदर्शन ने 41 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। इसमें 1 सिक्स और 5 चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 46वां मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच रविवार (3 मई) को खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच को गुजरात टीम ने 4 विकेट से जीत लिया। पंजाब टीम लगातार दूसरा मैच हारकर भी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। जेसन होल्डर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 विकेट लिए और 5 रन भी बनाए।
मैच में गुजरात टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद पंजाब टीम ने 164 रन का टारगेट सेट किया, जिसे GT ने 6 विकेट गंवाकर चेज कर लिया।
GT टीम 167/6, सुदर्शन की फिफ्टी
गुजरात टीम के लिए साई सुदर्शन ने 41 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। इसमें 1 सिक्स और 5 चौके लगाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 23 बॉल पर 40 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को जिताया। इस बीच जोस बटलर ने 22 बॉल पर 25 रन बनाए।
पंजाब टीम के लिए पेसर अर्शदीप सिंह और विजयकुमार वैशाक ने 2-2 विकेट लिए। जबकि मार्को यानसेन और मार्कस स्टोइनिस को 1-1 सफलता मिली। इस तरह GT टीम ने 6 विकेट गंवाकर 167 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया।
पंजाब टीम 163/9, सूर्यांश की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पंजाब टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 2 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन सिंह के साथ 29 बॉल पर 33 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला।
इसके बाद टीम ने 47 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। तब सूर्यांश शेडगे ने मार्कस स्टोइनिस के साथ 44 बॉल पर 79 रन की पार्टनरशिप कर टीम को फाइटिंग स्कोर तक पहुंचाया। पंजाब टीम ने 9 विकेट पर 163 रन बनाए। सूर्यांश ने 29 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 सिक्स और 3 चौके लगाए। स्टोइनिस ने 31 बॉल पर 40 रन बनाए।
गुजरात टीम के लिए पेसर जेसन होल्डर ने 4 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 2-2 सफलता मिली। एक विकेट राशिद खान को मिला।
पंजाब यह मैच हारकर भी टॉप पर
पंजाब टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। इस टीम ने अब तक 9 मैच खेले, जिसमें से 6 जीते और 2 हारे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। इस तरह टीम के 13 पॉइंट्स हैं। दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टीम है, जिसने 10 में से 6 मैच जीते और 4 हारे हैं। यह टीम अभी 12 पॉइंट्स के साथ 5वें नंबर पर ही है।
दोनों प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: हरप्रीत बराड़, विष्णु विनोद, विजयकुमार वैशाक, मुशीर खान और मिचेल ओवेन।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और मानव सुथार।
इम्पैक्ट सब: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया और कुमार कुशाग्र।

