KKR के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने बॉलिंग क्यों नहीं की: कप्तान रहाणे बोले- ये सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए; 25 करोड़ से ज्यादा में बिके थे ग्रीन
Published:
2 min read

IPL 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में KKR के प्लेयर कैमरन ग्रीन को लेकर काफी विवाद हो रहा है। टीम ने उन्हें 25.20 करोड़ में एक ऑलराउंडर के तौर पर खरीदा था, मतलब उनसे बैटिंग और बॉलिंग दोनों की उम्मीद थी। लेकिन वो सिर्फ बैटिंग ही कर रहे हैं। उनकी बॉलिंग पर ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने रोक लगा दी है, जिससे टीम का कॉम्बिनेशन बिगड़ गया है। इसी बात से कप्तान अजिंक्य रहाणे नाराज हैं। वहीं पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने मजाक में कह दिया कि भाई, ऑलराउंडर के पैसे दिए हैं तो रिफंड तो मिलना चाहिए।
यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए
IPL 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स हार गई। इस मैच में ग्रीन ने सिर्फ 18 रन बनाए और एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की। मैच के बाद जब रहाणे से इस बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा-ये सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए।
ग्रीन के गेंदबाजी न करने से टीम का संतुलन बिगड़ रहा है, क्योंकि पहले से ही कई गेंदबाज चोट के कारण बाहर हैं।

ग्रीन 10–12 दिन बाद कर सकते हैं गेंदबाजी
ग्रीन को T20 वर्ल्ड कप के दौरान कमर में चोट लगी थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, वह फिलहाल रिकवरी में हैं और कुछ दिनों तक गेंदबाजी नहीं करेंगे। उम्मीद है कि वह 10–12 दिनों में फिर से गेंदबाजी शुरू कर सकते हैं।
इस बारे में KKR को पहले से जानकारी दे दी गई थी। हालांकि, टीम ने ग्रीन पर बड़ा दांव लगाया है, इसलिए उनसे पूरी भूमिका निभाने की उम्मीद रहती है। केकेआर ने उन्हें आंद्रे रसेल की जगह एक मजबूत ऑलराउंडर के तौर पर टीम में शामिल किया था।

आकाश का बयान
वहीं आकाश चोपड़ा ने कहा-अगर आप किसी ऑलराउंडर के लिए पैसे देते हैं और बदले में सिर्फ बल्लेबाज ही मिलता है, तो कम से कम रिफंड तो मिलना चाहिए।

