काला जादू या अंधविश्वास: पूर्व IPL कमिश्नर बोले- ये कोई नई बात नहीं, कुछ टीम ये करती हैं; CSK का फेक लेटर भी वायरल
Published:
3 min read

प्रतिकात्मक फोटो।
स्पोर्ट्स डेस्क. रोमांचक मुकाबलों के साथ आगे बढ़ रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में अचानक ब्लैक मैजिक की एंट्री हो गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें स्टेडियम में बैठा एक फैन नीबू को लेकर कुछ ब्लैक मैजिक सा करता है। इसकी अगली बॉल पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का विकेट गिर जाता है। हालांकि बतौर जिम्मेदार मीडिया हाउस हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।
CSK फ्रेंचाइजी का एक लेटर भी वायरल
यह वीडियो के कुछ समय बाद ही CSK फ्रेंचाइजी का एक लेटर भी वायरल होने लगा, जिसमें दावा किया गया कि फ्रेंचाइजी ने ब्लैक मैजिक के खिलाफ शिकायत की है। हालांकि यह लेटर सही है, इसकी पुष्टि भी नहीं हुई है।
इन सबके बीच तीसरी एंट्री पूर्व IPL कमिश्नर ललित मोदी की हुई। उन्होंने साफ कर दिया कि चेन्नई फ्रेंचाइजी के नाम से वायरल यह लेटर फेक है। मगर उन्होंने इसे अंधविश्वास भी करार नहीं दिया, बल्कि दूसरा दावा यह भी कर दिया कि IPL में ब्लैक मैजिक होते रहे हैं। कुछ टीम ब्लैक मैजिक करती हैं। इसका खुलासा मोदी किसी टीवी सीरीज या फिल्म में करने वाले हैं।
CSK Vs SRH मैच में ब्लैक मैजिक का दावा
आइए इस मामले को थोड़ा विस्तार से समझते हैं। इसकी शुरुआत 18 अप्रैल को हुए चेन्नई सुपर किंग्स Vs सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मैच से हुई। मैच में हैदराबाद टीम ने 195 रन का टारगेट दिया था। जवाब में चेन्नई टीम ने 16 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बना लिए थे।
CSK को जीत के लिए 24 बॉल पर 46 रन चाहिए थे। शिवम दुबे 20 रन बनाकर क्रीज पर थे। ऐसे में यह मैच चेन्नई के पाले में भी जा सकता था। तभी 17वें ओवर की 5वीं बॉल पर साकिब हुसैन ने शिवम को क्लीन बोल्ड कर दिया।
शिवम दुबे का विकेट था टर्निंग पॉइंट
वायरल वीडियो में दावा किया गया कि इसी बॉल से ठीक पहले उस SRH टीम के फैन ने नीबू के साथ ब्लैक मैजिक किया। इसके ठीक बाद शिवम का विकेट मिला। यह मैच का टर्निंग पॉइंट था। शिवम के आउट होते ही चेन्नई की हार लगभग तय हो गई थी। हालांकि एक बार फिर हम वही कहेंगे कि राज एक्सप्रेस इस तरह के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ललित मोदी IPL में ब्लैक मैजिक का खुलासा करेंगे
अब इस पूरे मामले में ललित मोदी ने कहा- इस बार यह मामला (ब्लैक मैजिक का) पूरी तरह फेक है, लेकिन एक टीम के मालिक ने पहले भी इस तरह की हरकत की थी।
उन्होंने कहा- मुझे याद है कि मैंने एक टीम के मालिक के लिए पोस्ट शेयर की थी, जो 2011 सीजन में विपक्षी टीम के साथ ऐसा ही कुछ (ब्लैक मैजिक) कर रहा था। तब मेरे पास इस बात के पक्के सबूत भी थे और मैंने टीम मालिक को अलर्ट भी किया था। मैं इन सभी मामलों को लेकर टीवी सीरीज या फिल्म में खुलासा करूंगा।


