एक प्लेयर को दोष देना ठीक नहीं: अक्षर पटेल ने कहा- हार-जीत चलती रहती है, मिलर की वजह से हम आखिरी ओवर तक खेल सके
Published:
2 min read

दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को चेन्नई में होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. दिल्ली के अरुण जेटली ग्राउंड पर दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दिल्ली महज1 रन से हार गई। मैच के आखिरी ओवर में मिलर ने एक सिंगल लेने से मना कर दिया, जिससे दूसरे बल्लेबाज कुलदीप यादव को स्ट्राइक नहीं मिल पाई। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मिलर की आलोचना शुरू कर दी और उन्हें हार का जिम्मेदार ठहराया।
इसके बाद DC के कैप्टन अक्षर पटेल ने मिलर का बचाव करते हुए कहा कि हार-जीत तो चलती रहती है। इसके लिए किसी एक प्लेयर को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। मिलर की वजह से ही हम आखिरी ओवर तक गेम में बने रहे।

हार जीत चलती रहती है
मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में अक्षर ने कहा- अगर मिलर ने आखिरी ओवरों में सिक्स नहीं लगाए होते, तो टीम मैच में वापसी ही नहीं कर पाती। हम सब दुखी हैं, लेकिन हमें मुस्कुराते रहना चाहिए। ये एक लंबा टूर्नामेंट है। इसलिए किसी एक खिलाड़ी को दोष देने का कोई मतलब नहीं है। दरअसल, मिलर ने 19वें ओवर में पेसर मोहम्मद सिराज के खिलाफ 23 रन लगा दिए थे। जिससे दिल्ली की जीत की उम्मीद जगी थी।
हमने अच्छा क्रिकेट खेला
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में भी अक्षर पटेल ने माना टीम को कुछ मौकों पर और समझदारी से खेलना चाहिए था। ऐसे करीबी मैचों में छोटी-छोटी गलतियां ही हार-जीत तय करती हैं। टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला, लेकिन कुछ फैसले और बेहतर हो सकते थे।
इस हार के बावजूद टीम का मनोबल बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। हमे इस हार से सीख लेनी चाहिए और आगे के मैचों पर ध्यान देना चाहिए।अब दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को चेन्नई में होगा।


