बांग्लादेश से पहले भी कई टीमें ICC टूर्नामेंट से बाहर हुईं: ऑस्ट्रेलिया-वेस्टइंडीज ने 1996 वर्ल्ड कप छोड़ा था, देखिए कब-कब विवाद हुए
Published:
3 min read

बांग्लादेश टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया है। पहले भी कई टीमें ऐसा कर चुकी हैं, जिन्होंने ICC टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना कर दिया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं जब टीमों ने राजनीतिक या सुरक्षा कारणों से ICC टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना किया। ताजा मामला बांग्लादेश का है, जिसने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आने से मना कर दिया। बांग्लादेश ने सुरक्षा वजहों से चिंता जताई। ऐसे में ICC ने बांग्लादेश टीम को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया है।
आइए जानते हैं कि क्रिकेट इतिहास में कब-कब किन टीमों ने ICC टूर्नामेंट खेलने से मना किया और क्या वजह थी...

1996 वनडे वर्ल्ड कप
1996 वनडे वर्ल्ड कप भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। उस समय श्रीलंका में सिविल वॉर चल रहा था। टूर्नामेंट से कुछ हफ्ते पहले कोलंबो में बम धमाका हुआ था। इसके बाद सुरक्षा को लेकर डर बन गया।
भारत और पाकिस्तान ने सपोर्ट दिखाने के लिए कोलंबो में दोस्ताना मैच खेला। मगर ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने वहां अपने ग्रुप मैच खेलने से मना कर दिया। दोनों टीमों को अंक गंवाने पड़े। इसके बाद भी दोनों टीमें नॉकआउट में पहुंचीं। श्रीलंका ने लाहौर में फाइनल खेला और ऑस्ट्रेलिया को हराकर वर्ल्ड कप जीता।

2003 वनडे वर्ल्ड कप
2003 वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या में हुआ था। इंग्लैंड टीम ने हरारे में खेलने से मना कर दिया। ब्रिटेन सरकार जिम्बाब्वे की सरकार के खिलाफ थी। इसी वजह से इंग्लैंड ने मैच नहीं खेला। न्यूजीलैंड टीम ने केन्या के नैरोबी जाने से इनकार किया। कुछ महीने पहले मोम्बासा में बम धमाका हुआ था। सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई।
दोनों टीमों ने वेन्यू बदलने की मांग रखी थी। ICC ने मांग नहीं मानी। जिम्बाब्वे और केन्या को वॉकओवर मिला। इंग्लैंड पहले राउंड में बाहर हो गया। तब केन्या की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

2009 T20 वर्ल्ड कप
2009 T20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला जाना था। जिम्बाब्वे और ब्रिटेन के रिश्ते ठीक नहीं थे। खिलाड़ियों को वीजा मिलने पर सवाल था। जुलाई 2008 में ICC और जिम्बाब्वे के बीच बात बनी।
इसके बाद जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। जिम्बाब्वे को पूरी फीस मिली। स्कॉटलैंड टीम को उसकी जगह शामिल किया गया।

2016 अंडर 19 वर्ल्ड कप
2016 अंडर 19 वर्ल्ड कप बांग्लादेश में होना था। तब ऑस्ट्रेलिया ने सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड का मानना था कि वहां खिलाड़ियों को खतरा है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के साथ बाइलेटरल सीरीज भी रद्द की थी। ICC ने ऑस्ट्रेलिया के फैसले का सम्मान किया। आयरलैंड टीम को टूर्नामेंट में जगह मिली।

2025 चैम्पियंस ट्रॉफी
2025 चैम्पियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में होनी थी। यह लंबे समय बाद पाकिस्तान में ICC टूर्नामेंट होना था, लेकिन भारतीय टीम का पाकिस्तान जाना तय नहीं हो पाया।
BCCI ने बताया कि सरकार से अनुमति नहीं मिली। इसके बाद ICC ने न्यूट्रल वेन्यू मॉडल अपनाया। तब भारतीय टीम ने अपने सभी मैच दुबई में खेले और चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी।

2026 T20 वर्ल्ड कप
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 2026 T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए भारत आने से मना कर दिया है। भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे तनाव के बीच BCB अपने फैसले पर कायम रहा। उसने रिक्वेस्ट की थी कि उसके सभी मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं।
हालांकि, ICC ने BCB की अपील को खारिज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 2026 T20 वर्ल्ड कप से हटा दिया गया। टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। उसे ग्रुप C में रखा गया है।

