एक विकेट तो पक्का है: अक्षर ने हर्षित की चुटकी ली, VIDEO वायरल
Published:
2 min read

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 की घरेलू सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम से एक मजेदार वीडियो सामने आया है। ये सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अक्षर पटेल अपने साथी खिलाड़ी हर्षित राणा की खिंचाई करते नजर आ रहे हैं। वजह है हर्षित का न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड।
न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया
रविवार को गुवाहाटी में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मैच खेला गया। इस मैच में कीवी टीम 8 विकेट से हार गई। मैच के बाद टीम इंडिया का माहौल काफी हल्का और खुशमिजाज था। इसी दौरान एक मजेदार वाकया रिकॉर्ड हुआ। इसमें अक्षर और हर्षित बातचीत करते दिखे।

कॉन्वे मेरा भाई
अक्षर ने मजाकिया अंदाज में हर्षित का इंटरव्यू लेना शुरू किया। उन्होंने कैमरे की तरफ हर्षित को दिखाते हुए पूछा? क्या तुम कॉन्वे हो? इस पर हर्षित ने हंसते हुए जवाब दिया- हां, मैं उसका जुड़वां भाई हूं। इसके बाद पटेल ने राणा का कॉन्वे के खिलाफ रिकॉर्ड की बात छेड़ दी।अक्षर ने हंसते हुए हर्षित से कहा- आप क्या सोचकर मैदान में जाते हो कि एक विकेट तो पक्का है।
5 बार आउट किया
यह सुनते ही हर्षित जोर से हंसने लगे। यह पल कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, राणा ने इस पूरी सीरीज में डेवोन कॉन्वे को खूब परेशान किया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए वनडे और टी20 मैचों को मिलाकर राणा ने कॉन्वे को 5 बार आउट किया है। यानी जितने भी मैच हर्षित ने खेले, हर बार उन्होंने कॉन्वे का विकेट लिया। इतना ही नहीं राणा ने विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हुए कॉन्वे की तरफ अपने हाथ की 5 उंगलियां दिखाईं।


