इंडिया ने लगातार 2 बार वुमन्स एशिया कप जीता: दोनों बार फाइनल में बांग्लादेश को हराया, तेजल प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया है। यह इंडिया का लगातार दूसरा खिताब है। दोनों ही बार फाइनल में बांग्लादेश को शिकस्त दी। मौजूदा सीजन का फाइनल रविवार (22 फरवरी) को बैंकॉक के टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।
इस मैच में भारतीय टीम बांग्लादेश को 46 रन से शिकस्त दी। टीम इंडिया के लिए तेजल हसबनीस ने मैच विनिंग नाबाद फिफ्टी लगाई। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पिछला फाइनल 31 रन से जीता था
वुमन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप का यह दूसरा ही सीजन है। पहला सीजन 2023 में हुआ था। उस सीजन में भी फाइनल इंडिया और बांग्लादेश के बीच हुआ था। तब इंडिया ने 31 रन से मैच और खिताब जीता था।
इंडिया ने इस तरह दूसरा खिताब जीता
इस बार फाइनल में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। इसके बाद 20 ओवर के इस मैच में 7 विकेट पर 134 रन बनाए। तेजल ने 34 बॉल पर नाबाद 51 रन बनाए। कप्तान राधा यादव ने 30 बॉल पर 36 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश टीम के लिए लेग स्पिनर फहीमा खातून ने 4 विकेट लिए।
135 रन के टारगेट के जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर ही सिमट गई। इस तरह इंडिया ने यह मैच और खिताब 46 रन से अपने नाम कर लिया। सबसे ज्यादा 20 रन ओपनर शमीमा सुल्ताना ने बनाए। इंडिया के लिए प्रेमा रावत ने 3 विकेट लिए। सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने 2-2 विकेट लिए।
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप का फॉर्मेट
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप के इस दूसरे सीजन में 8 टीमें खेलीं। ग्रुप-ए में इंडिया और पाकिस्तान के साथ नेपाल और UAE की टीमें थीं। जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें रहीं। अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट पर बैन है। इस कारण यह टीम नहीं खेल रही है।
ग्रुप स्टेज में हर एक टीम ने 3-3 मैच खेले। इस तरह दोनों ग्रुप से कुल 12 मैच हुए। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में हुआ।
इंडिया-बांग्लादेश की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: नंदिनी कश्यप, दिनेश वृंदा, अनुष्का शर्मा, तेजल हसबनीस, राधा यादव (कप्तान), मीनू मन्नी, मडीवाला ममता (विकेटकीपर), प्रेमा रावत, तनुजा कंवर, सीमा ठाकुर और सोनिया मेंधिया।
बांग्लादेश टीम: इश्मा तंजिम, शमीमा सुल्ताना (विकेटकीपर), सर्मिन सुल्ताना, फहीमा खातून (कप्तान), लता मंडल, फरजाना ईसमिन, शोरिफा खातून, सादिया अख्तर, फातिमा जहां, फरिहा तृष्णा और संजिदा अख्तर।

