वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स: एशिया कप से पहले भी होगा एक भारत Vs पाकिस्तान महामुकाबला, जानिए कब कहां होगी टक्कर, जानिए सबकुछ
Published:
2 min read

युवराज सिंह और हरभजन सिंह।
इसी साल एशिया कप 2025 सितंबर में खेला जाएगा। मगर उससे पहले वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट होगा, जिसमें भारत-पाकिस्तान की टीमें आपस में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट का आगाज 18 जुलाई से होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में वर्ल्ड की 6 बड़ी टीमें शामिल होंगी। जिनके पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।
सबसे खास बात यह है कि लंबे समय के बाद दोनों देश भारत-पाकिस्तान की टीम एकदूसरे के खिलाफ मैच खेलती दिखेंगी। वो भी किसी ICC या एशियाई टूर्नामेंट में नहीं, बल्कि एक स्पेशल लीजेंड्स टूर्नामेंट में।
मैच की तारीख और स्थान
भारत और पाकिस्तान की टीमें 20 जुलाई को आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला इंग्लैंड के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मैच 18 जुलाई को इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच होगा।
इस टूर्नामेंट में इंडिया चैम्पियंस के अलावा 5 और टीमें रहेंगी। यह पाकिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका चैम्पियंस टीम रहेंगी।
मैदान में उतरने वाले खिलाड़ी
इंडिया चैम्पियन टीम में कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। इस टीम की कप्तानी युवराज सिंह करेंगे। जबकि हरभजन सिंह, सुरेश रैना, इरफान पठान जैसे बड़े नाम भी इस टीम का हिस्सा होंगे। पाकिस्तान चैम्पियंस टीम में शाहिद अफरीदी, यूनिस खान, शोएब मलिक, मिस्बाह उल-हक, कामरान अकमल जैसे दिग्गज खिलाड़ी नजर आएंगे।
अफरीदी के बयान और विवाद
अफरीदी ने हाल ही में भारत को लेकर कुछ विवादित बयान दिए थे, खासकर पहलगाम हमले के बाद। उन्होंने कहा था कि 8 लाख भारतीय सैनिकों में से एक भी जवान समय पर नहीं पहुंचा।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। अब एक बार फिर जब वह भारत के खिलाफ खेलेंगे, तो सबकी निगाहें उनके प्रदर्शन और व्यवहार पर भी रहेंगी।
इंडिया चैम्पियन टीम का शेड्यूल
20 जुलाई: भारत vs पाकिस्तान
22 जुलाई: भारत vs साउथ अफ्रीका
26 जुलाई: भारत vs ऑस्ट्रेलिया
27 जुलाई: भारत vs इंग्लैंड
29 जुलाई: भारत vs वेस्टइंडीज
एशिया कप में होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
इसी साल एशिया कप 2025 भी खेला जाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका आगाज 5 सितंबर को होगा। जबकि इसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला भी खेला जाएगा। यह महामुकाबला 7 सितंबर को हो सकता है। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास है। मगर यह टूर्नामेंट UAE में शिफ्ट हो सकता है।

