इंडिया Vs पाकिस्तान एक दिन में दो मैच: मेन्स और वुमन्स दोनों की टक्कर; देखिए वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप का शेड्यूल
Published:
3 min read

सितंबर 2025 में हुए एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैच खेले थे और सभी में जीत दर्ज की थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट फैन्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। अगले महीने यानी फरवरी में एक ही दिन में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच का डबल डोज मिलने वाला है। यह दिन 15 फरवरी का होने वाला है। इस रोज मेन्स और वुमन्स दोनों ही कैटेगरी में इंडिया और पाकिस्तान के बीच 2 मैच होने हैं। इस बात का कन्फर्मेशन सोमवार को हुआ, जब वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप का शेड्यूल आया।
इस तरह इंडिया-पाकिस्तान में 2 मैच होंगे
यह एशिया कप फरवरी में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में खेला जाएगा। 13 फरवरी को आगाज होगा, जबकि 22 फरवरी को फाइनल होना है। भारत-पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं। इन दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को मैच खेला जाएगा। एक मैच तो यही होगा।
इसी दिन इंडिया और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होगा। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।
एशिया कप में 8 टीमें हिस्सा लेंगी
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप में 8 टीमें खेलेंगी। ग्रुप-ए में इंडिया और पाकिस्तान के साथ नेपाल और UAE की टीमें भी रहेंगी। जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें होंगी। अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट पर बैन है। इस कारण यह टीम नहीं खेल रही है।
इस तरह होगा टूर्नामेंट का फॉर्मेट
इस एशिया कप में सभी 8 टीमें ग्रुप स्टेज में मुकाबले खेलेंगी। इस राउंड में हर एक टीम 3-3 मैच खेलेगी। इस तरह दोनों ग्रुप से कुल 12 मैच होंगे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। 20 फरवरी को दोनों सेमीफाइनल होंगे। जबकि 22 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
T20I वर्ल्ड कप में होगा ग्रुप मुकाबला
T20I वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इंडिया और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में रहेंगी।
उनके साथ ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीमें भी होंगी। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का अपना तीसरा मैच 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेलेगी। यदि दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में दूसरा मैच हो सकता है।
वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में भी मैच
साल 2026 में ही वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप भी होना है। टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक होगा। इसमें भी फैन्स को इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह ग्रुप मैच 14 जून को बर्मिंघम में होगा। यदि दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में भी टक्कर देखने को मिल सकती है।

