पाकिस्तान का टॉस जीतकर गलत फैसला: इंडिया हर फ्रंट पर परफेक्ट; PAK पर बाहर होने का खतरा, पॉइंट्स टेबल पर US नंबर 2
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान ने बायकॉट, बायकॉट… का खूब शोर मचाया। पाकिस्तान ICC के सामने झुकते हुए इंडिया के खिलाफ मैच खेलने को राजी हुआ, लेकिन अधूरी तैयारी के साथ। शायद वो भूल गया कि सामने टीम इंडिया है। पाकिस्तान पिच पढ़ने से लेकर बाकी हर डिपार्टमेंट में फ्लॉप नजर आया।
दूसरी ओर टीम इंडिया हर एक फ्रंट पर परफेक्ट दिखी। नतीजा भारतीय टीम ने 61 रन से मैच जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया। अब पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर आ गया है। जबकि अमेरिकी टीम पॉइंट्स टेबल में नंबर-2 पर पहुंच गई है। इंडिया पहले ही टॉप पर है।
पाकिस्तान का टॉस जीतकर गलत फैसला
वैसे टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान बेहद कमजोर टीम है, लेकिन इस मैच में उसने टॉस जीत लिया था। ऐसे में पाकिस्तान के पास पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया को थोड़ी बहुत टक्कर देने का मौका था। हालांकि यह भी मुमकिन हो पाता, यह मान लेना भी भी मुश्किल है।
पिच के लिहाज से पाकिस्तान टीम पहले बैटिंग करते हुए करीब 150 का स्कोर भी बनाती, तो टीम इंडिया को टक्कर दी जा सकती थी। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर यह मौका गंवा दिया।
इसी मैदान पर जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
सलमान ने खुद कहा था कि यह पिच स्लो है। पाकिस्तान टीम 5 स्पिनर के साथ खेल रही थी। छठा स्पिनर सलमान खुद थे। ऐसे में पहले बैटिंग का फैसला सही होता। पाकिस्तान ने इस मैदान पर पिछला मैच पहले बैटिंग करते हुए ही जीता था। जिम्बाब्वे जैसी टीम ने पहले बैटिंग करके इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए उलटफेर किया था। 170 के टारगेट के जवाब में ऑस्ट्रेलिया 146 पर ढेर हो गई थी।
भारतीय टीम हर फ्रंट पर परफेक्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद से ही टीम इंडिया हर फ्रंट पर परफेक्ट नजर आ रही है। यही वजह है कि उसने पिछले वर्ल्ड कप से अब तक एक भी सीरीज नहीं गंवाई है। पाकिस्तान के खिलाफ टॉस हारकर भारतीय टीम ने बैटिंग में दमदार परफॉर्मेंस दी और 176 रन का टारगेट सेट किया। प्लेयर ऑफ द मैच ईशान किशन ने 40 बॉल पर 77 रनों की पारी खेली।
बॉलिंग में शुरुआती 2 ओवर में 13 रन पर 3 विकेट लेकर मैच पर पकड़ बना ली थी। यहां से पाकिस्तानी की वापसी नामुमकिन सी हो गई थी। इसके बाद पाकिस्तान को 114 रन पर ढेर कर दिया। फास्ट बॉलर्स और स्पिनर्स ने शानदार परफॉर्मेंस दी। इस तरह इंडिया ने 61 रन से मैच जीत लिया।
पॉइंट्स टेबल का सिनेरियो
भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरा मैच जीतकर 6 पॉइंट्स के साथ सुपर-8 में एंट्री कर ली है। दूसरी ओर पाकिस्तान टीम के 3 मैच में 4 पॉइंट्स हैं। वो तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। पाकिस्तान को सुपर-8 के लिए चौथा यानी आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा।
इस ग्रुप में दूसरे नंबर पर अमेरिका है। उसके 4 मैच में 4 पॉइंट्स हैं। यदि पाकिस्तान अगला मैच नामीबिया से हारती है, तो वो बाहर हो जाएगी। नीदरलैंड्स ने 3 में से 1 मैच जीता है। नामीबिया तीनों मैच हारकर बाहर हो चुकी है।

