अल्लाह करे बारिश हो जाए : बासित अली बोले- कम से कम 1 पॉइंट तो मिलेगा; PAK जर्नलिस्ट बोले- टीम इंडिया तो लग्जरी चार्टर्ड फ्लाइट से आई
Published: Updated:
2 min read

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज मैच कल (15 फरवरी) कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। वेटर रिपोर्ट्स के मुताबिक- रविवार को दिनभर बारिश की आशंका है। आम फैन्स भले ही इस खबर को लेकर कुछ मायूस हों, लेकिन पाकिस्तान के कुछ एक्स क्रिकेटर और एक्सपर्ट्स इससे खुश हैं। चलिए मैच के पहले मीडिया में चल रही कुछ बातों पर नजरसानी कर लेते हैं…
काश! बारिश हो जाए
पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने कहा- मैच का नतीजा क्या होगा? सबको कुछ न कुछ अंदाजा है। लेकिन, मैं सोचता हूं कि अल्लाह करे कि बारिश हो जाए। कम से कम 1 पॉइंट तो मिलेगा।
दरअसल, बासित ने कुछ न कहते हुए भी सब कुछ कह दिया। उनकी बात के मायने निकाले जाएं तो बासित को यह उम्मीद नहीं है कि पाकिस्तान टीम जीत पाएगी। यही वजह है कि वो चाहते हैं कि बारिश हो जाए, पाकिस्तान टीम को एक पॉइंट मिल जाए और शर्मिंदगी भी न हो।
टीम इंडिया हर मामले में लग्जरी
पाकिस्तानी मीडिया में इस बात की भी चर्चा है कि BCCI ने अपनी टीम के लिए शानदार और VVIP अरेंजमेंट्स किए हैं। टीम जब कोलंबो पहुंची तो उसका गजब का इस्तकबाल यानी स्वागत हुआ।
‘जियो टीवी’ के जर्नलिस्ट खालिद बेग ने कोलंबो से कहा- हमारे पड़ोसियों का जलवा देखने लायक था। पाकिस्तान टीम जनरल फ्लाइट से कोलंबो पहुंची और होटल चली गई।
बेग ने आगे कहा- हार्दिक पंड्या की ‘करोड़ों वाली रिस्ट वॉच’ को यहां कैमरामेन कैप्चर करने की कोशिश करते दिखे। अर्शदीप तो मस्त अंदाज में डांस करते नजर आए। खास बात यह रही है कि टीम इंडिया यहां स्पेशल लग्जरी चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचीं। उसे होटल भी सबसे महंगा मिला। इतना ही नहीं…टीम इंडिया के सपोटर्स कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और दुनिया के बाकी मुल्कों से जनरल फ्लाइट से नहीं आ रहे। उन लोगों ने अपने लिए चार्टर्ड फ्लाइट के इंतजामात किए हैं। मैदान में ‘मैन इन ब्लू’ का समंदर आना तय है।


