रात 1 बजे बांग्लादेश क्रिकेट चीफ लाहौर क्यों पहुंचे: कोलंबो में भारत-PAK मैच के पहले अचानक फ्लाइट-होटल कई गुना महंगे कैसे हो गए
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. तमाम कयासों, दिक्कतों और तनाव के बाद राहत है। क्रिकेट फैन्स के लिए खुशखबरी यह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला मैच अब शेड्यूल के मुताबिक ही होगा।
इस स्टोरी में हम इस मैच से जुड़े दो पहलुओं पर बात करेंगे। पहला- फैन्स के लिए ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़ा है। दूसरा- कैसे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चीफ रविवार-सोमवार की दरमियानी रात स्पेशल फ्लाइट लेकर ढाका से लाहौर पहुंचे और वहां क्या हुआ।
पहले फैन्स के लिए जरूरी बात
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले भारत और पाकिस्तान से श्रीलंका जाने वाली फ्लाइट्स और होटल्स के किराए में जबरदस्त उछाल देखने मिल रहा है।

1.45 लाख रुपए की टिकट
14 या 15 फरवरी को दिल्ली या मुंबई से कोलंबो जाना आम दिनों के मुकाबले 4 से 5 गुना ज्यादा महंगा साबित हो सकता है। ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स पर इन तारीखों के लिए फ्लाइट टिकट्स फेयर 1.45 लाख (राउंडट्रिप) तक पहुंच गई हैं। आमतौर पर कोलंबो की सीधी फ्लाइट 25 से 30 हजार रुपए में बुक हो जाती है।
दिल्ली से कोलंबो का सफर कितना महंगा
दिल्ली से कोलंबो की डायरेक्ट फ्लाइट करीब 4 घंटे है। मैच से एक दिन पहले यानी 14 फरवरी को नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स फेयर 90 हजार से करीब 1.09 लाख रुपए तक दिख रहा है। श्रीलंकन एयरलाइंस के फ्लाइट फेयर 65 हजार से 1.45 लाख तक बताए जा रहे हैं। यह फेयर इंडियन करंसी यानी भारतीय रुपए में हैं।

मुंबई रूट के क्या हाल
मुंबई से कोलंबो वाय फ्लाइट पहुंचने में करीब 3 घंटे लगते हैं। किराया यहां भी जेब पर भारी पड़ रहा है। 14 फरवरी को यह एयर-फेयर (डायरेक्ट फ्लाइट) करीब 90 हजार तक पहुंच गया है। श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट 56 हजार के आसपास है।
पाकिस्तान के कराची और लाहौर जैसे बड़े शहरों से कोलंबो की फ्लाइट तो शायद कुछ अमीरों को भी महंगी लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक- पाकिस्तानी करंसी यानी पाकिस्तानी रुपए में एक तरफ का किराया तकरीबन कम से कम 1.05 लाख रुपए है। मजे की बात यह है कि इस टिकट पर भी फ्लाइट्स अवेलेबल नहीं हैं। लिहाजा, अब एलीट क्लास चार्टर फ्लाइट पर नजरें जमाए है।

होटल बुकिंग भी आसान नहीं
केवल फ्लाइट ही नहीं, कोलंबो में ठहरना भी महंगा सौदा साबित हो रहा है। 14 और 15 फरवरी के लिए 3 स्टार, 4 स्टार और 5 स्टार होटल्स में दो लोगों के लिए एक रात का किराया 1.13 से 1.14 लाख तक पहुंच गया है। आम दिनों में यही होटल 35 से 40 हजार रुपए में मिल जाते हैं। हालांकि बजट यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि छोटे लॉज और गेस्ट हाउस अब भी 2,000 से 3,000 रुपए (एक रात -एक व्यक्ति) की रेंज में उपलब्ध हैं।
श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री को उम्मीद
जनवरी 2026 में टूरिज्म से होने वाली कमाई में एनुअल बेसेस पर करीब 5.6% की कमी आई। जहां जनवरी 2025 में देश को टूरिज्म से करीब 3,622 करोड़ की आय हुई थी। वहीं, जनवरी 2026 में यह घटकर करीब 3,423 करोड़ रह गई। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से श्रीलंका को बड़ी उम्मीदें हैं।

अब इनसाइड स्टोरी : कैसे माना पाकिस्तान
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चीफ अमीनुल इस्लाम डायरेक्टर्स वॉट्सअप ग्रुप पर एक मैसेज करते हैं। इस वक्त वो ढाका के हजरत शाह जलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौजूद थे। उन्होंने ग्रुप पर अचानक लाहौर जाने की वजह साफ नहीं की। बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट ‘प्रोथमो ऑलो’ के मुताबिक- इस्लाम ने साथियों को सिर्फ यह बताया कि वो ICC और PCB अफसरों से बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के मुद्दे पर बात करना चाहते हैं। पाकिस्तान और भारत का 15 फरवरी का शेड्यूल मैच एजेंडे में नहीं है।
इस्लाम ने क्या लिखा
इसी रिपोर्ट के मुताबिक BCB चीफ ने ग्रुप पर लिखा- सिर्फ 90 मिनट पहले मुझे लाहौर आने को कहा गया। इसलिए किसी को बता नहीं पाया। मीटिंग के बाद जानकारी दूंगा। बाकी डायरेक्टर्स ने भी बांग्लादेशी मीडिया को बताया कि उन्हें मीटिंग और एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
एक डायरेक्टर ने कहा- जितना आपको पता है, उतना ही मैं जानता हूं। 24 घंटे में कहानी बदल गई। बांग्लादेश तो वर्ल्ड कप से बाहर है, पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ मैच खेलेगा। श्रीलंका डॉलर्स कमाएगा। ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा लाहौर में मौजूद थे। वो भी कुछ नहीं बोलना चाहते। आखिर, क्या और कैसे हुआ। हम भी नहीं जानते।

