पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में इंडिया का मैच छोड़ा: सेमीफाइनल या फाइनल में टकराए तो क्या होगा, देखें टी20 वर्ल्ड कप का सिनेरियो
Published:
5 min read

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को तीन मैचों में हराया था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में ज्यादा समय नहीं बचा है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। आगाज से पहले ही पाकिस्तान ने अपनी फितरत के मुताबिक भारतीय टीम के खिलाफ मैच का बायकॉट कर दिया है। यह ग्रुप मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना था।
अब सवाल यह है कि बायकॉट का मामला ग्रुप स्टेज तक तो ठीक है, लेकिन दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में टकराएंगी तो क्या होगा? ऐसा होना संभव भी है। आइए जानते हैं टी20 वर्ल्ड कप का पूरा सिनेरियो…
ग्रुप स्टेज में सभी टीमों को 4 मैच खेलने हैं
दरअसल, वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप-ए में रखा गया है। उनके अलावा इस ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें भी हैं। ऐसे में इंडिया-पाकिस्तान के बीच पहला मैच तो ग्रुप स्टेज में ही होना था, जिसका पाकिस्तान ने बायकॉट कर दिया है।
पहले राउंड में हर ग्रुप में 5 टीमें होंगी। सभी को 4 मैच खेलने होंगे। पाकिस्तान जब इंडिया के खिलाफ नहीं खेलेगा, तो उसको नुकसान होगा। इंडिया को 2 पॉइंट्स मिलेंगे। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान को बाकी बचे तीनों मैच जीतने होंगे। यह मैच अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया के खिलाफ होंगे, जो पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होंगे।
अमेरिका-आयरलैंड से जीतना मुश्किल
आयरलैंड की टीम पाकिस्तान को 5 में से एक मैच हरा चुका है। अमेरिका के खिलाफ एक ही मैच हुआ, जिसमें पाकिस्तान को सुपर ओवर में हार मिली थी। ऐसे में यह दोनों टीमें पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दे सकती हैं। नामीबिया से एक मैच हुआ, जिसे पाकिस्तान ने जीता था।
यदि पाकिस्तान इन तीनों टीमों से जीतेगी, तभी वो सुपर-8 में पहुंच पाएगी। एक भी मैच हारने पर बाहर होने की स्थिति हो सकती है।

सेमीफाइनल में इंडिया Vs पाकिस्तान मैच संभव
पाकिस्तान टीम ग्रुप स्टेज में सभी तीन मैच जीतती है तो सुपर-8 में एंट्री कर लेगी। इस राउंड में 8 टीमों को दो ग्रुप में X और Y में बांटा जाएगा। इंडिया और पाकिस्तान क्वालिफाई करती हैं तो दोनों अलग-अलग ग्रुप में रहेंगी। तब सुपर-8 के दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
इस स्थिति में इंडिया और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप से आने की वजह से सेमीफाइनल में टकरा सकती हैं। ऐसे में देखना होगा कि उस स्थिति में पाकिस्तान सरकार क्या फैसला करती है। यदि पाकिस्तान की टीम को सेमीफाइनल में इंडिया से खेलने की मंजूरी नहीं मिलती है तो वो बाहर हो जाएगी। उस स्थिति में इंडिया डायरेक्ट फाइनल में पहुंचेगी।
यदि सेमीफाइनल खेलने की मंजूरी मिलती है तब स्वभाविक है कि जीतने वाली टीम फाइनल में एंट्री करेगी।
फाइनल में भी टक्कर हो सकती है
सुपर-8 में ग्रुप पॉइंट्स के लिहाज से यदि सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के बावजूद इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं हुआ तो अलग सिनेरियो बन सकता है। दोनों टीमें अपने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में एंट्री करती हैं, तब इंडिया-पाकिस्तान के बीच टक्कर हो सकती है।
उस स्थिति में भी यदि पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को भारत से फाइनल खेलने की परमिशन नहीं दी तो इंडिया को चैम्पियन घोषित किया जाएगा। पाकिस्तान खिताब जीतने से रह जाएगा।
ICC का गुस्सा दोगुना हो सकता है
सेमीफाइनल या फाइनल में पाकिस्तान सरकार ने आनाकानी की और इंडिया से मैच नहीं खेला तो ICC दोगुनी सजा दे सकती है। ग्रुप स्टेज का मैच छोड़ने पर हो सकता है कि ICC कम सजा दे, लेकिन नॉकआउट मैच छोड़ने पर पाकिस्तान पर बैन भी लग सकता है।
इंडिया-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं
टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। ICC ने जो शेड्यूल जारी किया था, उसके मुताबिक, इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में 15 फरवरी को होना था।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए दोनों टीमें
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारीक।

