भारत के खिलाफ एक मैच का बायकॉट, दूसरे का क्या: वुमन्स एशिया कप में 15 फरवरी को टक्कर, देखिए शेड्यूल
Published:
2 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंडिया-पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना था। पाकिस्तान सरकार ने मैच का बायकॉट कर दिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान सरकार ने एक बखेड़ा खड़ा कर दिया है। उसने इंडिया के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया। यह मैच ग्रुप स्टेज में 15 फरवरी को कोलंबो में होना था। इन सबके बीच एक बड़ा सवाल सामने आ रहा है। वो ये है कि इसी 15 फरवरी को महिलाओं में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना है।
यह मैच वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप 2026 में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर पाकिस्तान सरकार ने कोई बयान नहीं दिया है। यानी साफ है कि वुमन्स टीमें अपना मैच खेल सकती हैं। यह पाकिस्तान का दोहरा चरित्र भी उजागर करता है।
बैंकॉक में होगा वुमन्स एशिया कप
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप फरवरी में ही खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मैच थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में होंगे। एशिया कप का आगाज 13 फरवरी को होगा, जबकि 22 फरवरी को फाइनल होना है।
भारत-पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं। इन दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को मैच खेला जाएगा। इस मैच को लेकर अभी पाकिस्तान सरकार की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मैच को लेकर कभी भी फैसला आने की संभावना है।
एशिया कप में 8 टीमें हिस्सा लेंगी
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप में 8 टीमें खेलेंगी। ग्रुप-ए में इंडिया और पाकिस्तान के साथ नेपाल और UAE की टीमें भी रहेंगी। जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें होंगी। अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट पर बैन है। इस कारण यह टीम नहीं खेल रही है।
इस तरह होगा टूर्नामेंट का फॉर्मेट
इस एशिया कप में सभी 8 टीमें ग्रुप स्टेज में मुकाबले खेलेंगी। इस राउंड में हर एक टीम 3-3 मैच खेलेगी। इस तरह दोनों ग्रुप से कुल 12 मैच होंगे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। 20 फरवरी को दोनों सेमीफाइनल होंगे। जबकि 22 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में भी मैच
साल 2026 में ही वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप भी होना है। टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक होगा। इसमें भी फैन्स को इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह ग्रुप मैच 14 जून को बर्मिंघम में होगा। यदि दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में भी टक्कर देखने को मिल सकती है।

