इंडिया के खिलाफ मैच खेलेगा पाकिस्तान: PAK प्रधानमंत्री ने श्रीलंका के राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया; 15 फरवरी को कोलंबो में मैच होना है
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने एक महीने में पाकिस्तान को तीन मैचों में हराया था। इसमें फाइनल भी शामिल था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सरकार ने कुछ ही दिनों में पलटी मार दी है। उसने इंडिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में मैच खेलने की मंजूरी दे दी है। यह दावा पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा है। ICC शेड्यूल के मुताबिक, इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना है। इसे अब तक आधिकारिक तौर पर कैंसिल नहीं किया गया है।
पाकिस्तान सरकार ने इस मैच का बायकॉट करते हुए इंडिया के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। उसने ICC के सामने कुछ शर्तें भी रखी थीं, जिसे इंटरनेशनल काउंसिल ने ठुकरा दिया था।
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तानी PM से फोन पर बात की
PAK मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात की। अनुरा ने कहा कि आतंकी हमलों के चलते जब कोई भी बोर्ड पाकिस्तान में आकर क्रिकेट खेलने को राजी नहीं था, तब श्रीलंका ने उसका साथ दिया और पाकिस्तान में सीरीज खेली।
हाल ही में आतंकी हमले के बावजूद श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान में रुकी रही और सीरीज खेली। ऐसे में पाकिस्तान को भी श्रीलंका का साथ देना चाहिए और इंडिया के खिलाफ मैच खेलना चाहिए। यह मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में ही होना है। इस मैच से श्रीलंका को बम्पर फायदा होने वाला है।
शहबाज ने कहा कि इंडिया से मैच खेलेंगे
रिपोर्ट्स की मानें तो इसी फोन कॉल के दौरान शहबाज शरीफ ने श्रीलंका के राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान टीम अपना बायकॉट वापस लेगी और इंडिया के खिलाफ 15 फरवरी वाला मैच खेलेगी।
हालांकि इसको लेकर अभी तक पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की तरफ से या पाकिस्तानी बोर्ड की तरफ से ऑफिशियली बयान नहीं आया है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि शहबाज अगले 24 घंटों में इसका ऐलान कर देंगे।
बांग्लादेश के सपोर्ट में बायकॉट किया था
दरअसल, बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था। तब ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
ऐसे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सपोर्ट करते हुए इंडिया के खिलाफ मैच का बायकॉट किया था। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि उनकी टीम वर्ल्ड कप के बाकी मैच जरूर खेलेगी।

बांग्लादेशी बोर्ड ने भी मैच खेलने की अपील की
अब खुद बांग्लादेशी बोर्ड ने भी पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वो अपनी टीम को इंडिया के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दें। BCB के प्रेसिडेंट अमिनुल इस्लाम ने पाकिस्तानी बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी से लाहौर में मुलाकात की। इस दौरान अमिनुल ने रिक्वेस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को इंडिया के खिलाफ मैच खेले।
PCB को छोड़कर सब एक प्लेटफॉर्म पर
UAE,ICC, BCCI और दुनिया के तमाम क्रिकेट बोर्ड पाकिस्तान के खिलाफ एक प्लेटफॉर्म पर आ चुके थे। पाकिस्तान ने तीन मांग रखीं थीं। इन्हें BCCI और ICC दोनों ने सीधे तौर पर खारिज कर दिया था। ऐसे में पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए मानना ही था। ये 4 मांग इस तरह थीं…
- भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ बाइलेटरल क्रिकेट शुरू करे।
- पाकिस्तान को (अकेले) ICC टूर्नामेंट होस्ट करने की मंजूरी दी जाए। एशिया कप फिर से हो, और BCCI अपनी टीम पाकिस्तान भेजे।
- PCB को ICC के रेवेन्यू में बढ़ा हुआ शेयर मिले। इसके अलावा क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए अलग से फंड अलॉट हो।
- बांग्लादेश को वर्ल्ड कप बायकॉट के बावजूद उसका रेवेन्यू शेयर मिले।

