इस साल इंडिया Vs पाकिस्तान 2 मैच पक्के: हर बार ICC वर्ल्ड कप में टक्कर, ज्यादा मैच की उम्मीद, देखें शेड्यूल
Published:
3 min read

T20I वर्ल्ड कप 2026 में इंडिया और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबला होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट फैन्स के लिए साल 2025 काफी यादगार रहा। इस साल भारतीय टीम ने लगातार 3 संडे पाकिस्तान टीम को हराया था। यह तीनों मैच सितंबर 2025 में एशिया कप में हुए थे। इसी साल इमर्जिंग एशिया कप और अंडर-19 एशिया कप में भी इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबले हुए थे। अब फैन्स जानना चाह रहे होंगे कि 2026 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच कितने मैच होने हैं।
दरअसल, इस साल तीन ICC वर्ल्ड कप होने हैं। इसमें इंडिया-पाकिस्तान के बीच 2 मैच तो पक्के हैं। सबसे पहले अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप होगा। इसमें मुकाबला होना तय नहीं है, क्योंकि दोनों टीमें अलग-अलग ग्रुप में हैं। इसके बाद टी20 मेन्स वर्ल्ड कप 2026 और फिर वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप होगा। इन दोनों टूर्नामेंट में इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबला तय है। आइए इसका पूरा शेड्यूल जान लेते हैं…
अंडर-19 ODI वर्ल्ड कप 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट जिम्बाब्वे की मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट में 16 टीमों के 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप-बी में है, जबकि पाकिस्तान ग्रुप-सी में है। ग्रुप स्टेज में दोनों का मुकाबला नहीं होगा, लेकिन दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो इसके अगले राउंड में मैच होना तय है।
इंडिया के साथ ग्रुप में बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और अमेरिका हैं। जबकि पाकिस्तान के साथ इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे की टीमें हैं। वर्ल्ड कप में बाकी 2 ग्रुप और भी रहेंगे। इन चारों ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले राउंड में पहुंचेंगी। जहां ग्रुप-बी और सी की 4 टीमों का एक ग्रुप बनेगा।
जबकि ग्रुप-ए और डी की 4 टीमों का दूसरा ग्रुप बनेगा। इसके बाद फिर दूसरे राउंड के ग्रुप मैच होंगे। इस राउंड में इंडिया-पाकिस्तान के बीच मैच होने की उम्मीद है। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। यदि इंडिया-पाकिस्तान की टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो दूसरा मैच भी देखने को मिल सकता है।
T20I वर्ल्ड कप में होगा ग्रुप मुकाबला
T20I वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इंडिया और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में रहेंगी।
उनके साथ ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीमें भी होंगी। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का अपना तीसरा मैच 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेलेगी। यदि दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में दूसरा मैच हो सकता है।
वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप में भी मैच
साल 2026 में ही वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप भी होना है। टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक होगा। इसमें भी फैन्स को इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह ग्रुप मैच 14 जून को बर्मिंघम में होगा। यदि दोनों टीमें क्वालिफाई करती हैं तो सेमीफाइनल या फाइनल में भी टक्कर देखने को मिल सकती है।

