अभिषेक-सूर्यवंशी की बैटिंग का असर: IND Vs NZ चौथे मैच के लिए 40 हजार टिकट्स बिके, ऑकलैंड स्टेडियम में बनेगा रिकॉर्ड
Published: Updated:
3 min read

इंडिया-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा मैच वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला गया। इसमें भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शक। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर 5 टी20 की सीरीज में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली है। तीसरे मैच में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तेज तर्रार पारी खेली, जिसका असर देखने को मिला है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने अपने बयान में बताया है कि चौथे मैच के लिए अब तक 40 हजार से ज्यादा टिकट्स बिक चुके हैं। यह मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में 30 अक्टूबर को होना है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे से खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें: अभिषेक ने गेल का रिकॉर्ड तोड़ा: पावरप्ले में हाइएस्ट स्कोर, 40 बॉल बाकी रहते जीत; 3rd T20I में बने ये रिकॉर्ड्स
स्टेडियम की कैपेसिटी 41 हजार
ईडन पार्क स्टेडियम के इतिहास में यह तीसरी बार होगा, जब इतनी भारी संख्या में दर्शक स्टेडियम में कोई मैच देखेंगे। इससे पहले ODI वर्ल्ड कप 2015 का सेमीफाइनल देखने के लिए 41 हजार दर्शक पहुंचे थे।
इस मैच में साउथ अफ्रीका को 4 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि 1982 में ऑस्ट्रेलिया Vs न्यूजीलैंड ODI मैच देखने के लिए 42 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। जबकि स्टेडियम की मौजूदा कैपेसिटी 41 हजार दर्शकों की है।
2019 में एक ही दिन में दो मैच खेले गए थे, तब ईडन पार्क स्टेडियम में दर्शकों की संख्या 36,523 रही थी। यह रिकॉर्ड अब टूट जाएगा। तब एक ही दिन में इंडिया और न्यूजीलैंड की मेन्स और वुमन्स टीम के बीच 2 मैच खेले गए थे।
ये भी पढ़ें: वैभव को कोच गंभीर ने चॉकलेट दी: तीसरे मैच में ओपनिंग भेज दिया, सदगोपन बोले- सूर्यवंशी अगले दो दिन छुट्टी समझकर खेले
भारतीय टीम ने 6 विकेट से मैच जीता
सीरीज का तीसरा मैच में वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला गया। इसमें न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट पर 198 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में ही 4 विकेट गंवाकर 199 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
अभिषेक शर्मा ने 38 बॉल पर 113 रन की पारी खेली, जिसमें 11 सिक्स और 9 चौके लगाए। वैभव 19 बॉल पर 45 रन बनाए। इसमें 4 सिक्स और 4 ही चौके लगाए। दोनों के बीच 133 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई।

