भारत VS इंग्लैंड सीरीज: बुमराह और शमी न हों तो सिराज हो जाते हैं घातक, चौंका देंगे 12 टेस्ट के ये आंकड़े
Published:
2 min read

मोहम्मद सिराज 6 विकेट लेने के बाद। (Getty image)
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने एजबेस्टन टेस्ट में 7 विकेट लिए। उन्होंने साबित किया कि पेसर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की गैरमौजूदगी में वह मैच विनर बन सकते हैं।
दरअसल, भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। दूसरा मैच एजबेस्टन में हुआ, जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने 336 रन से जीत दर्ज की। इस तरह सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई।
इसी एजबेस्टन टेस्ट में बुमराह प्लेइंग-11 से बाहर थे। शमी दौरे पर ही नहीं हैं। ऐसे में सिराज ने जिम्मेदारी ली। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लैंड को 407 रन पर रोक दिया। जबकि भारतीय टीम ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे। इस तरह उसने पहली पारी में 180 रन की बढ़त बनाई।
दूसरे दिन के आखिरी समय में सिराज ने जैक क्रॉली को आउट किया था। मगर एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन सिराज ने अपना सही खेल दिखाया। उन्होंने खेल शुरू होते ही दो विकेट लिए। अपने एक ही ओवर में जो रूट और बेन स्टोक्स को पवेलियन भेजा। इसके बाद ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर को आउट किया।
बुमराह-शमी के बिना सिराज बेहतर
सिराज ने बुमराह के बगैर 15 टेस्ट खेले, जिसमें उनका औसत 25.20 का रहा। वहीं, उनके साथ खेले 23 मुकाबले में औसत 33.82 का है।
शमी के साथ खेले 9 मैच में सिराज का औसत 34.96 का है। लेकिन जब वह अकेले जिम्मेदारी उठाते हैं, तब उनका खेल और बेहतर हो जाता है। बुमराह और शमी के बिना उनका एवरेज 22.27 का है।
एजबेस्टन में पिच धीमी थी। गेंद सीम नहीं कर रही थी, लेकिन सिराज ने लाइन को थोड़ा सीधा कर दिया। लीड्स (पहले टेस्ट) में जहां सिराज ने 47.5% बॉल ऑफ स्टम्प के बाहर डाली थीं। वहीं एजबेस्टन में यह घटकर 42.9% रह गईं। जबकि स्टंप की सीधी गेंदें 22.5% से बढ़कर 33.8% हो गईं। इस बदलाव ने सिराज को एजबेस्टन में घातक बनाया।
मैच के बाद सिराज ने कहा, ‘मैं एक साल से पांच विकेट का इंतजार कर रहा था। हमेशा चार विकेट ही मिल पाते थे। एजबेस्टन में मिले 6 विकेट मेरे लिए बहुत खास हैं।’

