क्रिकेट कंट्रोवर्सी: जडेजा को धमकी तो कभी जहीर ने पीटरसन को दिखाया बैट, भारत-इंग्लैंड के बीच हुए ये 5 बड़े विवाद
Published:
5 min read

केविन पीटरसन और जहीर खान।
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड जब भी आमने-सामने आती हैं, तब रोमांच अपने चरम पर होता है। दोनों ओर से खिलाड़ियों में जीत के लिए एक अलग ही जज्बा देखने को मिलता है। इसी के चलते कई बार दोनों ही टीमों के खिलाड़ी भिड़ भी जाते हैं।
सचिन तेंदुलकर का नासिर हुसैन से भिड़ना हो या फिर विराट कोहली और बेन स्टोक्स का टकराव। भारतीय और इंग्लिश खिलाड़ियों के बीच विवाद के कई मामले सामने आए हैं। आज हम आपको ऐसे ही ऐसे ही 5 विवाद बताने वाले हैं…
जहीर ने पीटरसन को दिखाया बैट
2007 में भारतीय टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच 27 जुलाई से नॉटिंघम टेस्ट खेला गया था। इस मैच को भारत ने 7 विकेट से जीता था। इसी मुकाबले में एक वक्त ऐसा भी आया, जब इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन ने भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान से पंगा ले लिया था। इसे जेली बीन्स विवाद भी कहा जाता है।
दरअसल, टेस्ट की पहली पारी में जहीर खान बल्लेबाजी करने उतरे थे। तब उन्हें पिच पर कुछ जेली बीन्स दिखीं। उन्होंने जेली बीन्स को हटाया। मगर कुछ देर बाद जहीर को फिर से पिच पर जेली बीन्स दिखाई दीं।
यह हरकत स्लिप में फील्डिंग कर रहे पीटरसन ने की थी। तब जहीर ने उनसे कुछ कहा। मगर पीटरसन ने गलती नहीं मानी और उलटे जहीर से ही उलझ गए। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। नौबत यहां तक आई कि जहीर ने गुस्से में पीटरसन को बैट तक दिखा दिया था।
जब कोहली से भिड़े बेन स्टोक्स
2016 में भारत दौरे पर इंग्लैंड टीम ने 5 टेस्ट की सीरीज खेली थी। टीम इंडिया ने यह सीरीज 4-0 से अपने नाम की। तीसरा टेस्ट मोहाली में 26 से 29 नवंबर के बीच हुआ। यह मुकाबला भारत ने 8 विकेट से जीता था। मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था।
पहली पारी में इंग्लैंड टीम ने एक समय 87 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से जॉनी बेयरस्टॉ और बेन स्टोक्स ने 57 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला। इसी बीच स्पिनर रवींद्र जडेजा ने स्टोक्स को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों स्टंप आउट कराया। स्टोक्स 29 रन बना सके।
टीम इंडिया और विराट कोहली ने इस विकेट पर जमकर जश्न मनाया। यह स्टोक्स को पसंद नहीं आया। उन्होंने पवेलियन लौटते समय मुड़कर कुछ कहा और लगातार घूरने लगे।
कोहली को यह पसंद नहीं आया और उन्होंने भी जवाब में कुछ कहा। मैदान पर माहौल गरम हो गया था, तब अंपायर्स ने बीच बचाव किया और मामले को शांत कराया। इस दौरान कोहली को अंपायर्स से शिकायत करते देखा गया।
एंडरसन ने दी जडेजा को दांत तोड़ने की धमकी
9 जुलाई 2014 को भारत और इंग्लैंड के बीच नॉटिंघम टेस्ट खेला गया था। मुकाबला ड्रॉ रहा था। मगर टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने तब के भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा से पंगा ले लिया था।
दूसरे दिन लंच से पहले ही जडेजा और एंडरसन के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि लंच के दौरान मैदान से लौटते समय भी दोनों प्लेयर आपस में भिड़ गए। एंडरसन इसी बीच धोनी से भी उलझ गए। कथित तौर पर एंडरसन ने उस दौरान जडेजा को ड्रेसिंग रूम में घुसकर दांत तोड़ने की धमकी भी दी थी।
सचिन को आउट करने नासिर ने चली चाल
दिसंबर 2001 में भारत और इंग्लैंड के बीच बेंगलुरु टेस्ट खेला गया था। तीन मैचों की सीरीज का यह आखिरी मुकाबला ड्रॉ रहा था। जबकि सीरीज पर भारतीय टीम ने 1-0 से कब्जा जमाया था। इंग्लैंड को सीरीज बचाने के लिए यह टेस्ट जीतना बेहद जरूरी थी। मगर उनके लिए सचिन तेंदुलकर बड़ी अड़चन थे।
इस मैच में सचिन ने पहली पारी में 90 रन बनाए थे। तब इंग्लैंड टीम के तत्कालीन कप्तान नासिर हुसैन ने सचिन को आउट करने और मैच जीतने के लिए एक खराब चाल चली। उन्होंने स्पिनर एश्ले जाइल्स से सभी बॉल लेग स्टंप पर डालने के लिए कहा। एश्ले ने किया भी वैसा ही।
लेग स्टम्प पर बॉल आने और रन नहीं बना पाने के कारण सचिन परेशान से दिखाई दिए। इससे उनका नर्वस-90 वाला मामला भी पैनिक करने लगा। ऐसे में सचिन ने गलती कर दी और स्टम्प आउट हो गए। तब यह विवाद भी जमकर चला था। इसको लेकर नासिर की अब तक आलोचना होती है।
अहमदाबाद टेस्ट में कोहली-स्टोक्स भिड़े
2021 के शुरुआत में एक बार फिर इंग्लैंड की टीम ने भारत का दौरा किया था। दोनों टीमों के बीच 4 टेस्ट की सीरीज खेली गई, जिसे भारतीय टीम ने 3-1 से जीती थी। सीरीज का चौथा टेस्ट अहमदाबाद में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने पारी और 25 रनों से जीता था।
इसी मुकाबले में स्टोक्स और कोहली एक बार फिर एक-दूसरे से भिड़ते नजर आए। इस सीरीज में कोहली ही भारतीय टीम के कप्तान थे। मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। पहले दिन लंच तक इंग्लिश टीम ने 3 विकेट गंवाकर 74 रन बनाए थे। इसी पहले सेशन में कोहली और स्टोक्स आमने-सामने आए।
विवाद की शुरुआत भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और स्टोक्स के बीच कहासुनी से हुई थी। मामला सुलझाने के लिए कप्तान कोहली बीच में आए। इसी दौरान सिराज को छोड़कर स्टोक्स ने कोहली से पंगा ले लिया। भारतीय कप्तान मुस्कुराते और मामला संभालते दिखे, जबकि स्टोक्स लड़ाई के मूड में नजर आए।
जब मामला नहीं सुलझा तो अंपायर्स को बीच में आना पड़ा। उन्होंने तीनों को अलग करवाया। कप्तान होने के नाते कोहली शांत दिखे, लेकिन इसके बाद भी मैच के दौरान स्टोक्स और सिराज के बीच कहासुनी चलती रही। हालांकि अच्छी बात यही रही कि दोनों ने अपनी सीमाओं का उल्लंघन नहीं किया।

