अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंडिया : 6 फरवरी को इंग्लैंड से मुकाबला; सेमी. में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया
Published: Updated:
3 min read

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में अंडर-19 टीम इंडिया ने अब तक अपने सभी 6 मैच जीते हैं। भारत ने अपने पिछले सुपर सिक्स मैच में पाकिस्तान को हराया था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात दी। 6 फरवरी को फाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा।
अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल भारत और अफगानिस्तान के बीच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 310 रन बनाए और टीम इंडिया को 311 रन का बड़ा टारगेट दिया।
भारतीय टीम ने 41.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से एरॉन जॉर्ज ने 115 रन की पारी खेली। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंद में 68 रन बनाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 4 सिक्सर शामिल रहे। इसके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रन बनाए। विहान मल्होत्रा 38 और वेदांत त्रिवेदी 5 रन पर नाबाद रहे।
इसके पहले अफगानिस्तान की पारी में दो शतक लगे। फैजल शिनोवाजा ने 110 और उजैरउल्लाह नियाजी ने 101 रन बनाए। खालिद अहमदजई ने 31 रन और उस्मान सादात ने 39 रन की पारी खेली। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2 -2 विकेट लिए।
भारतीय टीम अपने छठवें वर्ल्ड कप खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। भारतीय टीम फाइनल जीती तो छठवीं बार चैम्पियन बनेगी। फाइनल 6 फरवरी को इसी ग्राउंड हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर खेला जाएगा।
इंग्लैंड से टीम इंडिया का फाइनल
भारतीय टीम फाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला करेगी। पहला सेमीफाइनल मंगलवार (3 फरवरी) को हुआ। इसमें इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया। इस तरह इंग्लैंड टीम फाइनल में पहुंची।
हम पांच बार के चैंपियन
अंडर 19 वर्ल्ड कप में इंडिया ही सबसे सफल टीम है। उसने अब तक सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीते हैं। भारतीय टीम ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार टाइटल जीता है।
हेड-टू-हेड (अंडर 19 वर्ल्ड कप में )
कुल मैच: 5
टीम इंडिया ने जीते: 5
अफगानिस्तान ने जीते: 0
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में अंडर-19 टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी 6 मैच जीते हैं। भारत ने पिछले सुपर सिक्स मैच में पाकिस्तान को हराया था। टीम का प्रदर्शन सभी डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड रहा है।
टीम इंडिया: प्लेइंग 11
एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कूंडू, आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन और हेनिल पटेल।
अफगानिस्तान : प्लेइंग 11
ओस्मान सादत, खालिद अहमदजई, फैजल शिनोजादा, उजईरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, खातिर स्टैनिकजई, अब्दुल अजीज, रुहाउल्लाह अरब, नुरीस्तानी ओमरजई और वहीद उल्लाह जादरान।

