अफगानिस्तान का भारत दौरा कन्फर्म: 1 टेस्ट और 3 वनडे होंगे, रोहित और कोहली की 4 महीने बाद टीम में वापसी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन ODI की सीरीज खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। दोनों टीम के बीच 6 से 20 जून तक 1 टेस्ट और 3 ODI मैच खेले जाएंगे। यह सीरीज IPL 2026 के खत्म होने के ठीक बाद शुरू होगी। BCCI ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।
टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 3 ODI की सीरीज होगी।
RO-KO की 4 महीने बाद टीम में वापसी
विराट कोहली और रोहित शर्मा 4 महीने बाद टीम में खेलते हुए नजर आएंगे। दोनों ने पिछली बार जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज खेली थी। टेस्ट और T20I से संन्यास से चुके रोहित और कोहली अब सिर्फ वनडे ही खेल रहे हैं।
टीम इंडिया अभी T20 वर्ल्ड कप में खेल रही है। इंडिया ने सुपर 8 मैच में वेस्ट इंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
दूसरी तरफ अफगानिस्तान T20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया। वे न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हार गए। उन्होंने UAE और कनाडा के खिलाफ जीत हासिल की। क्वालिफिकेशन के लिए यह काफी नहीं था।
8 साल बाद दोनों टीमें आमने सामने
अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच 2018 में भारत के खिलाफ खेला था। मुकाबला बेंगलुरु में हुआ था। भारत ने पारी और 262 रन से जीत दर्ज की थी। अब तक अफगानिस्तान 13 टेस्ट खेल चुका है। 4 जीते, 7 हारे और 2 ड्रॉ रहे। भारत के खिलाफ अफगानिस्तान अब तक एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं जीत पाया है।
वनडे में दोनों टीमों के बीच 4 मुकाबले हुए हैं। 3 में भारत जीता और 1 मैच टाई रहा। वह टाई मैच 2018 एशिया कप में हुआ था। 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत ने अफगानिस्तान को हराया। यह पहली बार होगा जब दोनों टीमों के बीच अलग से वनडे सीरीज खेली जाएगी।
टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीम के बीच 9 मैच हुए हैं। 8 में भारत जीता। एक मैच एशियन गेम्स में बेनतीजा रहा।

