पाकिस्तान खेले या न खेले, हमारी टीम तो श्रीलंका जाएगी: ICC प्रोटोकॉल फॉलो करेगा भारत; बॉयकॉट का PAK पर क्या असर होगा-जानिए
Published:
5 min read

एशिया कप 2025 के भारत VS पाकिस्तान मैच में तिलक वर्मा और शिवम दूबे की 60 रनों की यादगार साझेदारी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की इजाजत दे दी है। हालांकि, उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ मैच का बायकॉट किया है। इसका मतलब है टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को कोलंबो में जो भारत-पाकिस्तान मैच होना है, वो नहीं होगा।
दूसरी तरफ, BCCI ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान टीम हमारे खिलाफ मैच खेले या न खेले, भारतीय टीम ICC के नियमों का पालन करेगी और प्रोटोकॉल के मुताबिक, 15 फरवरी के पहले श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम कोलंबो जाएगी। प्लेयर्स अपने शेड्यूल के हिसाब से प्रैक्टिस करेंगे। साथ ही आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मैच से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होंगे। हमारी टीम आधिकारिक तौर पर मैच रद्द होने के अनाउंसमेंट का इंतजार करेगी।
क्या है वॉकओवर
अगर कोई टीम मैच के लिए तय वक्त पर स्टेडियम और मैदान पर नहीं पहुंचती तो मैच रेफरी विपक्षी टीम को 2 अंक दे सकते हैं। इसे वॉकओवर कहा जाता है। कई बार यह पहले ही डिसाइड हो जाता है, कई बार इसका फैसला ऐनवक्त पर होता है। यह हालात पर निर्भर करता है।
कंडीशन, क्या होती हैं
-
अगर विरोधी टीम मैदान पर नहीं भी आती है तो भी दूसरी टीम को मैच के लिए मैदान पर आना होगा। साथ ही वार्म अप और टॉस के लिए तैयार रहना होगा।
-
मैच रद्द होगा या वॉकओवर दिया जाएगा। यह फैसला सिर्फ मैच रेफरी ही कर सकता है।
अगर भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए आते हैं। वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा नहीं आते हैं तो मैच रेफरी भारत को वॉकओवर और दो पॉइंट दे सकते हैं।
सोशल मीडिया पर जानकारी
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने X पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा- सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की मंजूरी देती है। हालांकि पाकिस्तान टीम 15 फरवरी को इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।

पाकिस्तान का बांग्लादेश को सपोर्ट
पाकिस्तान अपने इस फैसले को बांग्लादेश का सपोर्ट बता रहा है। जियो न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सपोर्ट में भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला लिया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था।
ऐसे में ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सपोर्ट में ICC की मीटिंग में वोट भी किया था।
बायकॉट का असर भी जान लीजिए
- पाकिस्तान का रन रेट नेगेटिव हो जाएगा। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड्स और USA हैं। अगर पाकिस्तान अपने 3 मैच में से एक भी हार जाता है तो वह ग्रुप स्टेज से बाहर हो सकता है।
- ICC ने PCB को चेतावनी दी है। अगर पाकिस्तान सेटिस्फेक्ट्री जवाब नहीं दे पाता है तो उसे बैन किया जा सकता है।
- PCB सुरक्षा कारणों का हवाला नहीं दे सकता क्योंकि मैच श्रीलंका में हो रहा है। विदेशी लीग के लिए PAK प्लेयर्स को नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC ) नहीं मिलेगी ।
- PCB ने यह साफ नहीं किया है कि अगर नॉकआउट स्टेज में दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं तो क्या टीम इंडिया के खिलाफ खेलेगी या नहीं ।
- पाकिस्तान को 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली थी। भारत-पाकिस्तान मैच ICC के लिए रेवेन्यू का एक बड़ा सोर्स है। अब जब यह मैच नहीं होगा तो ICC पाकिस्तान को फ्यूचर टूर्नामेंट की मेजबानी करने से रोक सकती है। साथ ही सालाना रेवेन्यू भी खत्म कर सकती है।
इंडिया-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में 15 फरवरी को होना था।
वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप-ए में रखा गया है। उनके अलावा इस ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें भी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए दोनों टीमें
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक।

