T20 में बेहतरीन- टेस्ट में स्ट्रगल: द्रविड़ बोले- T20 की वजह से टेस्ट पर असर, रोहित ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में तरीका बदला
Published:
3 min read

राहुल द्रविड़ की कोचिग में टीम इंडिया ने 2024 T20 वर्ल्डकप जीता था।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया इस वक्त एक अजीब दौर से गुजर रही है। एक तरफ T20 क्रिकेट में भारत दुनिया की सबसे खतरनाक टीम बनी हुई है तो वहीं टेस्ट क्रिकेट में वही टीम जूझती नजर आती है। पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने इस फर्क की वजह साफ की है।उन्होंने बताया कि कैसे लगातार T20 और ODI की वजह से टेस्ट क्रिकेट पर असर हो रहा है। राहुल ने रोहित शर्मा की फियरलेस एप्रोच का भी जिक्र किया है।
होम ग्राउंड में नहीं हारते थे
भारत की टेस्ट टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से कमजोर हुआ है। कभी जिन घरेलू मैदान को भारत का किला माना जाता था, वहां अब हार मिलने लगी है। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने एक साल में भारत को घर पर हराया। मौजूदा कोच गौतम गंभीर के टेन्योर में भी भारत अभी तक किसी टॉप टेस्ट टीम के खिलाफ सीरीज नहीं जीत पाया है।

रेड बॉल से प्रैक्टिस कम हो गई है
द्रविड़ ने एक बुक लॉन्चिंग इवेंट में कहा- शॉर्टर फॉर्मेट का असर टेस्ट क्रिकेट की परफॉर्मेंस पर पड़ रहा है। मेरे टेन्योर के दौरान कई बार ऐसा होता था कि खिलाड़ी टेस्ट मैच से सिर्फ 3-4 दिन पहले टीम से जुड़ते थे। ऐसे में जब देखा जाता था कि उन्होंने आखिरी बार रेड बॉल प्रैक्टिस कब की थी तो पता चलता था कि इसको 4-5 महीने गुजर चुके हैं।

द्रविड़ के मुताबिक- टेस्ट क्रिकेट आसान नहीं है। सीमिंग और टर्निंग ट्रैक्स पर कई घंटे बल्लेबाजी करना अलग तरह की स्किल डिमांड है। ये बिना प्रैक्टिस के मुश्किल है। पहले के दौर में खिलाड़ियों को टेस्ट और वनडे के बीच खुद को ढालने का समय मिलता था, लेकिन T20 आने के बाद शेड्यूल बहुत बिजी हो गया है।
2 महीने IPL चलता है
शुभमन गिल की मिसाल देते हुए ‘द वॉल’ नाम से फेमस इस पूर्व कप्तान ने कहा- जब कोई खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट खेलता हैं तो उसे टेस्ट के लिए मेंटली और टेक्निकली तैयार होना मुश्किल हो जाता है। दूसरी तरफ T20 में भारत की जबरदस्त बल्लेबाजी का राज भी यही है, क्योंकि वो लगातार व्हाइट बॉल क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं। IPL में खिलाड़ी 2 महीने सिर्फ बड़े शॉट की प्रैक्टिस करते हैं। इसी वजह से भारत की T20 बल्लेबाजी इतनी अच्छी है।

रोहित ने खेलने का नजरिया बदला
द्रविड़ ने रोहित शर्मा के बारे में कहा- व्हाइट बाॅल क्रिकेट में भारत को सोच बदलनी थी। इसकी शुरुआत खुद कप्तान रोहित ने की थी।
वर्ल्ड कप 2019 में रोहित हाईहेस्ट रन गेटर
रोहित शर्मा ने भी माना था कि 2019 वर्ल्ड कप उनके लिए एक सबक था। उन्होंने अच्छा स्कोर किया लेकिन टीम ट्रॉफी नहीं जीत पाई। 2020 से उन्होंने अप्रोच बदली और 2022-23 में इसे पूरी तरह अपनाया। आखिर में द्रविड़ ने T20 वर्ल्ड कप को लेकर एडवाइज दी। कहा- ये सच है कि भारत इस बार भी फेवरेट है, लेकिन यह भी जेहन में रखिए कि T20 फॉर्मेट में एक खराब दिन कई साल की मेहनत पर पानी फेर सकता है।

