न्यूजीलैंड सीरीज में 3 कमजोरी दिखीं : 2 फायदे भी मिले; कैच ड्रॉप-खराब बॉलिंग इकोनॉमी, टी20 वर्ल्ड कप से पहले सुधार जरूरी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने 5 मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से शिकस्त दी है। अब दोनों टीमों को टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलना है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए यह प्रैक्टिस के तौर पर बेहद खास सीरीज रही।
इन 5 मैच में भारतीय टीम की 3 कमियां उजागर हुई हैं। टीम को 2 पॉजिटिव चीजें भी मिलीं। पहले कमजोरियों के बारे में जानते हैं…
संजू सैमसन की फॉर्म
भारतीय टीम के लिए ओपनर संजू सैमसन सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आए हैं। संजू को पांचों मैच में मौका मिला। इस दौरान उन्होंने 9.20 के बेहद खराब एवरेज से सिर्फ 46 रन बनाए। बेस्ट स्कोर 24 रहा। एक बार वे खाता नहीं खोल सके थे। वर्ल्ड कप में संजू बेंच पर नजर आ सकते हैं।
कैच टपकाने की आदत
इस सीरीज पर नजर डालें तो टीम इंडिया की फील्डिंग कमजोर नजर आती है। खासकर कैचिंग में। भारतीय खिलाड़ियों ने सीरीज में 5 कैच छोड़े। यह वर्ल्ड कप में बहुत भारी साबित हो सकता है।
बॉलिंग में इकोनॉमी रेट सुधारना होगा
सीरीज में गेंदबाजों का परफॉर्मेंस ठीक रहा, लेकिन इकोनॉमी सुधारने की जरूरत दिखती है। इस सीरीज में लगभग सभी भारतीय बॉलर्स ने 8 से ज्यादा के इकोनॉमी रेट से रन दिए।
अर्शदीप ने सबसे ज्यादा 8 विकेट लिए, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट 10.50 का रहा। अक्षर पटेल ने भी 2 मैचों में 10 के इकोनॉमी रेट से रन दिए। इस कमजोरी को सुधारना होगा।
अब दो अच्छी बातें…
सूर्या बैक इन फॉर्म
कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना अच्छी बात रही है। उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। सूर्या ने 5 मैच में सबसे ज्यादा 242 रन बनाए। इस दौरान 3 फिफ्टी भी लगाईं।
सूर्या ने इस सीरीज से पहले 25 टी20 इंटरनेशनल मैच में एक भी फिफ्टी नहीं लगाई थी। उन्होंने 244 रन बनाए थे, जिसमें 3 बार डक पर आउट हुए। इस दौरान उनका एवरेज भी बेहद खराब यानी 12.84 का रहा था। इन 25 मैचों में सूर्या ने सिर्फ 11 छक्के और 20 चौके लगाए थे।
मिडिल ऑर्डर मजबूत दिखा
भारतीय टीम के लिए दूसरी अच्छी बात यह रही कि मिडिल ऑर्डर में जिसे मौका मिला, उसी ने शानदार प्रदर्शन किया। सूर्या के अलावा शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या और रिंकू सिंह ने बल्ले से दम दिखाया।
शिवम ने 4 पारियों में 117 और रिंकू ने 3 पारी में 91 रन बनाए। पंड्या ने 3 पारी में 69 रन बनाए। शिवम ने चौथे मैच में 16 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी।

