टीम इंडिया का होटल बदला: ICC प्रोटोकॉल के तहत मिली नई होटल; ड्रेसिंग रूम भी चेंज किया
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले से पहले भारतीय टीम का होटल बदल गया है। अब टीम नए होटल में रुकी है।
भारतीय बोर्ड के मुताबिक, यह एक नॉर्मल प्रोसेस है, लेकिन फैन्स इसे हर अशुभ संयोग को हटाने की कोशिश मान रहे हैं। यदि ICC का प्रोटोकॉल देखें तो पहली सेमीफाइनलिस्ट टीम को ITC नर्मदा होटल में ही रुकना था।
प्रोटोकॉल के तहत टीम का होटल बदला
पहली फाइनलिस्ट न्यूजीलैंड बनी थी। ऐसे में उसे यह होटल दिया गया। यह वही होटल है, जहां टीम इंडिया 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान रुकी थी। ICC के मुताबिक, दूसरी फाइनलिस्ट (भारत) टीम को ताज स्काईलाइन होटल मिलना था।
यदि मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो होटल के साथ-साथ भारतीय टीम का ड्रेसिंग रूम भी चेंज किया गया है। अब टीम इंडिया नए होटल और नए ड्रेसिंग रूम के साथ फाइनल में उतरेगी।
दो बड़े मैच में टीम को हार मिली
दरअसल, टीम इंडिया ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल इसी मैदान पर खेला था। तब टीम ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से शिकस्त मिली थी।
इसके बाद मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी भारतीय टीम का अजेय सफर जारी था, लेकिन उसे सुपर-8 के एक मैच में हार मिली थी। यह एकमात्र हार इसी मैदान पर मिली थी। साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को 76 रन से हराया था। इन दोनों हार के चलते टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया है।
पिच को भी बदलने का फैसला
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, इस बार पिच को भी बदल दिया गया है। यह फाइनल मिक्स्ड मिट्टी वाली पिच पर खेला जाएगा। 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल इसी स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच पर ही खेला गया था। तब ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को शिकस्त दी थी।
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया-साउथ अफ्रीका के बीच मैच भी इसी मैदान पर काली मिट्टी की पिच पर ही हुआ था। यह मैच भी भारतीय टीम 76 रन से हारी थी। इन दोनों बडे़ मैचों से सबक लेते हुए मिक्स्ड मिट्टी वाली पिच तैयार करने का फैसला लिया गया है।
इंडिया-न्यूजीलैंड के टी20 स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
न्यूजीलैंड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलेन, मार्क चैपमैन, डेवॉन कॉन्वे (विकेटकीपर), जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, कॉल मैकॉनकी, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर) और ईश सोढ़ी।

