2026 की पहली सीरीज के लिए टीम का ऐलान कल: रोहित-कोहली एक महीने बाद ODI खेलेंगे, रिपोर्ट्स- गिल कप्तानी संभालेंगे
Published:
3 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा एक महीने बाद टीम इंडिया के लिए ODI मैच खेलने उतरेंगे। उन्होंने दिसंबर के शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेली थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस नए साल 2026 में अपनी पहली सीरीज घर में ही खेलेगी। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज होगी। इसके लिए कल (3 जनवरी) भारतीय टीम का ऐलान होगा। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वनडे टीम की कप्तानी शुभमन गिल ही संभालेंगे। चोट के कारण वे पिछली सीरीज नहीं खेल सके थे। जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा कि रोहित शर्मा दोबारा वनडे के कप्तान बन सकते हैं।
दूसरी ओर विराट कोहली और रोहित शर्मा एक महीने बाद टीम इंडिया के लिए ODI मैच खेलने उतरेंगे। उन्होंने दिसंबर के शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेली थी। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में हुआ था।
कोहली-रोहित विजय हजारे मैच खेले
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वे सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के 2 मैच खेले थे। इन दो मैचों में दिल्ली टीम के लिए खेलते हुए कोहली ने 131 और 77 रन बनाए। जबकि रोहित ने पहले मैच में 155 रन बनाए। दूसरे में खाता नहीं खोल सके थे।
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के प्रेसीडेंट रोहन जेटली ने बताया कि कोहली 6 जनवरी को एक मैच और खेलेंगे। इसके बाद न्यूजीलैंड सीरीज खेलनी है।
गिल पिछली वनडे सीरीज नहीं खेले थे
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में गिल की जगह केएल राहुल ने कप्तानी संभाली थी। भारतीय टीम ने यह सीरीज 2-1 से जीती थी। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 302 रन बनाए थे और वे प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। इस दौरान कोहली ने 2 सेंचुरी लगाई थीं।
ODI के बाद टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 की सीरीज भी खेली जाएगी। इसके लिए पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए यही भारतीय टीम रहेगी। शुभमन गिल को टी20 टीम से बाहर किया गया है। उनकी जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया। जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ही रहेंगे।

सूर्या और गिल खराब फॉर्म से जूझ रहे
शुभमन गिल इस समय टी20 इंटरनेशनल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे मैच में लगाई थी। इसके बाद से गिल ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से 377 रन बनाए हैं।
इसी दौरान गिल से ज्यादा खराब प्रदर्शन कप्तान सूर्यकुमार यादव का रहा है। उन्होंने 31 मैच खेले, जिसमें 17.92 का एवरेज रहा। इस दौरान सूर्या ने 2 फिफ्टी लगाते हुए 448 रन बनाए।

सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

