इंडिया ने 5 सेमीफाइनल खेले: 3 जीते, 2 हारे; टॉस एक बार जीता, देखिए एनालिसिस
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। उसका मुकाबला इंग्लैंड से 5 मार्च को होगा। यह सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां इंडिया ने एक सेमीफाइनल खेला, जिसमें हार मिली थी।
यह मुकाबला 2016 टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुआ था। इस मैच में इंडिया को 7 विकेट से हार मिली थी। भारतीय टीम अब इसी मैदान पर अपना दूसरा सेमीफाइनल खेलने उतरेगी।
इंडिया-इंग्लैंड के बीच लगातार तीसरा सेमीफाइनल
खास बात यह भी है कि टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया और इंग्लैंड के बीच यह सेमीफाइनल की हैट्रिक हो जाएगी। पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी इन दोनों ही टीमों के बीच मुकाबला हुआ था।
2022 सीजन में इंग्लैंड ने 10 विकेट से हराया था। टीम इंडिया ने 2024 सीजन में इसका बदला लिया और इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में पहुंची थी। यह 2024 सीजन का खिताब इंडिया ने ही जीता था। फाइनल में साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराया था।
दोनों टीम का यह अपना छठा सेमीफाइनल
यह इंडिया और इंग्लैंड दोनों का ही छठा सेमीफाइनल है। खास बात यह भी है कि दोनों टीम ने तीन बार एक दूसरे के खिलाफ मैच खेले हैं।
भारतीय टीम ने इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में सेमीफाइनल खेला था। इस दौरान 2007 और 2024 में खिताब जीता। इंडिया और इंग्लैंड के अलावा पाकिस्तान ने भी 6 सेमीफाइनल खेले हैं।
भारतीय टीम 3 फाइनल खेल चुकी
टीम इंडिया अब तक तीन बार टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुकी है। 2007 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनी थी। जबकि 2014 के फाइनल में श्रीलंका से हार मिली थी। अब यदि सेमी में इंग्लैंड को हराया तो चौथा फाइनल खेलने उतरेगी।

टॉस एक ही बार जीत सके
भारतीय टीम सेमीफाइनल में टॉस के मामले में अनलकी ही रही है। टीम ने अब तक 5 सेमीफाइनल खेले, जिसमें सिर्फ एक बार ही टॉस जीता। इंडिया ने पहला सेमीफाइनल 2007 सीजन में ही खेला था। उसी मैच में टॉस जीता था। इसके बाद बाकी सभी 4 सेमीफाइनल में इंडिया ने टॉस हारे हैं।
इस वर्ल्ड कप में इंडिया-इंग्लैंड के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।

