बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान: 3 मांगें रखीं, नकवी बोले- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को मुआवजा और फीस दे ICC
Published:
3 min read

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC के सामने तीन नई मांगें रखी हैं। (तस्वीर में पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी )
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के सामने तीन नई मांग रखी हैं। रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई एक मीटिंग में PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम के साथ बातचीत की। इस मीटिंग का मकसद 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले T20 वर्ल्ड कप मैच के संभावित बॉयकॉट के बारे में कोई हल निकालना था।
रिपोर्ट के मुताबिक PCB ने विवाद खत्म करने के लिए ICC से तीन मांगें रखीं।
- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को बढ़ा कर मुआवजा दिया जाए।
- वर्ल्ड कप का हिस्सा न होने के बावजूद BCB को पार्टिसिपेशन फीस मिले।
- भविष्य में किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार दिया जाए।
ये मांगें एक रिपोर्ट आने के कुछ दिनों बाद आई हैं, जिसमें कहा गया था कि PCB भारत के खिलाफ बाइलेटरल क्रिकेट फिर से शुरू करना चाहता है। साथ ही ICC से अतिरिक्त फंड भी चाहता है।

PCB के भीतर मतभेद
कुछ PCB अधिकारी कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच खेलने के पक्ष में हैं। हालांकि, मोहसिन नकवी अभी भी मैच का बॉयकॉट के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। मीटिंग के दौरान ICC ने साफ कर दिया कि अगर पाकिस्तान तय प्लान के मुताबिक मैच नहीं खेलता है तो उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे।
खबरों के मुताबिक, नकवी आखिरी फैसला लेने से पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इस मामले पर बात करेंगे। हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खुद भारत के खिलाफ मैच के बायकॉट का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में यह सवाल लाजिमी हो जाता है कि क्या एक प्रधानमंत्री द्वारा कही बात को पाकिस्तानी बोर्ड खारिज कर देगा।
ICC ने फोर्स मेज्योर दलील ठुकराई
PCB भारत के खिलाफ मैच न खेलने के लिए फोर्स मेज्योर क्लॉज का इस्तेमाल करना चाहता था। ICC ने इस दलील को नहीं माना। फोर्स मेज्योर क्लॉज का इस्तेमाल युद्ध, आतंकवाद, प्राकृतिक आपदाओं या सरकारी आदेशों में किया जाता है।
क्या है फोर्स मेज्योर क्लॉज
फोर्स मेज्योर क्लॉज का मतलब -ऐसी असाधारण स्थिति, जहां कोई पक्ष हालात के चलते कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें पूरी नहीं कर पाता। इसमें युद्ध, सरकारी आदेश, आपदा जैसी बातें आती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस क्लॉज का सहारा लेने की तैयारी में है। PCB पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट से जुड़े बयानों को आधार बना सकता है।
PCB कह सकता है कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला सरकार के निर्देश पर लिया गया। बोर्ड का तर्क होगा कि यह स्थिति उनके कंट्रोल से बाहर थी। एक अधिकारी के मुताबिक यह PCB का आखिरी विकल्प है। भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पीछे कोई क्रिकेट से जुड़ा ठोस कारण मौजूद नहीं है।
BCCI ने PCB की बात नहीं मानी
इस पूरे मामले पर BCCI का रुख साफ है। भारतीय बोर्ड का मानना है कि पाकिस्तान की दलील कमजोर है। BCCI से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि जिस दिन पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप मैच के बॉयकॉट को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। उसी दिन पाकिस्तान की अंडर 19 टीम भारत के खिलाफ मैच खेल रही थी। ऐसे में सरकारी निर्देश की बात सही नहीं लगती।

